कर्नाटक में अमित शाह ने राहुल गांधी को बताया झूठा, कहा- किसी उद्योगपति की कर्जमाफी नहीं
तीन दिवसीय कर्नाटक दौरे पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह। बीदर में आत्महत्या करने वाले तीन किसानों से परिजनों से की मुलाकात। राहुल गांधी और सिद्धारमैया पर साधा निशाना।
बीदर, कर्नाटक (एएनआइ)। विधानसभा चुनाव के कारण कर्नाटक का सियासी पारा चढ़ा हुअा है। चुनाव जीतने के लिए भाजपा जी तोड़ मेहनत कर रही है। इसी के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तीन दिन के कर्नाटक दौरे पर हैं। आज (रविवार) बीदर में उन्होंने आत्महत्या करने वाले तीन किसानों के परिजनों से मुलाकात की।
शाह का सिद्धारमैया सरकार पर हमला
कर्नाटक दौरे पर गए अमित शाह के निशाने पर सूबे के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया रहे। चुनावी जनसभा में गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा, 'उत्तर प्रदेश में 90 दिनों के भीतर गन्ना किसानों को उनके बकाए का भुगतान किया जाता है। इसके लिए एक कानून तैयार किया गया है।' उन्होंने कहा, 'सिद्धारमैया सरकार योजनाओं के लाभ को सही लाभार्थियों तक पहुंचने नहीं देती, क्योंकि वे मोदी सरकार से डरते हैं।'
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर अमित शाह ने कहा, 'हमने किसी भी उद्योगपति का कोई भी कर्ज माफ नहीं किया है। राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं।'
किसानों को लेकर भाजपा के निशाने पर कांग्रेस
राज्य में किसानों की स्थिति को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। इसी को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बीदर के मंगलगी गांव पहुंचे और आत्महत्या करने वाले तीन किसानों के परिजनों से मिले। भाजपा ने राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया समेत कांग्रेस नेताओं पर किसान विरोधी नीतियों का पालन करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि भाजपा ने किसानों का आश्वसन दिया है कि अगर वह राज्य में चुनाव जीतती है तो किसानों को उनकी फसलों का किफायती दाम दिलाएगी। साथ ही किसानों की स्थिति में सुधार के लिए उचित कदम उठाएगी। गौरतलब है कि इस साल अंत में कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत के सपने को पूरा करने के इरादे से चुनावी मैदान में कांग्रेस को पटखनी देने की रणनीति बना रही है और कर्नाटक में 'हाथ' का सफाया कर 'कमल' खिलाने की कोशिशों में जुटी है।