कर्नाटक में भाजपा अध्यक्ष का छठा चुनावी दौरा, कित्तूर की रानी चेन्नमा को दी श्रद्धांजलि
कनार्टक चुनाव को देखते हुए राज्य में भाजपा की ओर से आक्रामक चुनावी अभियान किया जा रहा है।
नई दिल्ली (एएनआई)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत कित्तूर के रानी चेन्नम्मा मेमोरियल से किया। उन्होंने कित्तूर की रानी चेनम्मा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कर्नाटक में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है और इसके लिए अमित शाह के लगातार कर्नाटक दौरे हो रहे हैं। शाह का यह छठा चुनावी दौरा है। सूत्रों के अनुसार, इस बार राज्य के उत्तरी क्षेत्र में वे फोकस करेंगे।
इससे पहले शाह ने गुरुवार को कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष हमेशा विघटनकारी राजनीति में शामिल रहा है। बजट सत्र में गतिरोध पैदा करने को लेकर भाजपा अध्यक्ष ने ये बातें कहीं। अपने ब्लॉग में उन्होंने लिखा है कि विपक्ष के गैरजिम्मेदार रवैये के कारण सत्र के दौरान जनता की 33 करोड़ रुपये की रकम बर्बाद हो गयी। नैतिकता के नाते हमने अपना वेतन न लेने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा, ‘1.57 करोड़ रुपये और 1.10 करोड़ रुपये प्रति घंटे लोकसभा और राज्यसभा का खर्च है। इस हिसाब से लोकसभा में 200 करोड़ और राज्यसभा में 133 करोड़ रुपये की रकम पूरी तरह बर्बाद की गयी।‘ उन्होंने अपने ब्लॉग पोस्ट के अंत में लिखा, ‘लोगों को यह जानकारी होनी चाहिए कि जब भी सरकार विकास के लिए कोई रचनात्मक कार्य करने जाती है तो कांग्रेस उसमें बाधा डालती रही है।‘