Jharkhand Assembly Election 2019 : MLA राज ने पूर्व मंत्री मन्नान से मांगा आशीर्वाद, मिला यह रोचक जवाब
भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद विधायक राज सिन्हा ने बयान दिया कि कांग्रेस प्रत्याशी मन्नान मल्लिक वृद्ध हो चुके हैं। अब वे आशीर्वाद देने के काम करेंगे।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर चिरप्रतिद्वंदी विधायक राज सिन्हा और पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक आमने-सामने हैं। भाजपा ने विधायक राज सिन्हा पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी बनाया है। जबकि कांग्रेस के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को ही भरोसे लायक समझते हुए राज के खिलाफ चुनाव मैदान में उतार दिया है। राज और मन्नान तीसरी बार आमने-सामने हैं। 2009 के विधायक चुनाव में पहली बार दोनों आमने-सामने थे। मन्नान मल्लिक को जीत और राज को हार मिली। पांच साल बाद 2014 के चुनाव में बाजी राज के हाथ लगी। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मन्नान मल्लिक को पराजित कर दिया। एक-बार फिर एक-दूसरे पर वार-पलटवार कर रहे हैं।
भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद विधायक राज सिन्हा ने बयान दिया कि कांग्रेस प्रत्याशी मन्नान मल्लिक वृद्ध हो चुके हैं। अब वे आशीर्वाद देने के काम करेंगे। सिन्हा ने कहा कि चुनाव में मल्लिक उन्हें जीत का आशीर्वाद देंगे। राज के बयान पर मल्लिक ने बगैर देर किए पलटवार किया। कहा-हम भाजपा को आशीर्वाद नहीं देते हैं। पांच साल में राज ने क्या किया? राज को बताना चाहिए कि क्या गया पुल के ऊपर फ्लाई ओवर ब्रिज बन गया? क्या पांच साल में अधूरा पड़ा मेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण पूरा हो गया? चुनाव में राज का फैसला धनबाद की जनता करेगी। दूसरी तरफ राज को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर गुरुवार को छात्र नेता उदय कुमार सिंह ने अपने समर्थकों के साथ गुलदस्ता देकर सम्मानित किया।