Jharkhand Assembly Election 2019: अभी तैयार नहीं हुआ Voter List; जानें कब होंगे झारखंड में चुनाव
Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संभव है कि चुनाव आयोग अक्तूबर माह की तीसरे हफ्ते में तिथियों की घोषणा कर दे।
रांची, [जागरण स्पेशल]। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने वोटरों को साधने का जबर्दस्त चुनावी अभियान छेड़ रखा है। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा हो, या फिर झामुमो की बदलाव यात्रा। हर तरफ तैयारी पूरी है। लेकिन, सबको चुनाव आयोग की ओर से औपचारिक घोषणा का इंतजार है। तिथियां अभी घोषित नहीं हुई हैं। हां, यह जरूर कहा जा रहा है कि नवंबर-दिसंबर में वोट डाले जाएंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार चौबे की मानें तो चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट की स्क्रूटनी की जा रही है। अंतिम मतदाता सूची 12 अक्तूबर को प्रकाशित होगा।
झारखंड में राज्य विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2020 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में पूरा अनुमान है कि दिसंबर तक चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया है कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में 8 और 15 सितंबर को विशेष कैंप लगाकर मतदाता सूची में लोगों के नाम जोड़े गए। इस पर 17 सितंबर तक आपत्तियां मांगी गई थीं। 27 सितंबर तक सभी आपत्ततियों का निराकरण कर दिया गया है। बताया कि बीते लोकसभा चुनाव में नामांकन के आठ दिन पहले तक वोटर लिस्ट में नाम जोड़ा गया था। भारत निर्वाचन आयोग से निर्देश मिलने पर इस बार भी लोगों को ऐसी सहूलियतें दी जा सकती हैं।
राजनीतिक दलों का अभियान तेज
चुनाव की दहलीज पर खड़े झारखंड में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है राजनीतिक दलों का चुनावी अभियान तेज हो रहा है। जन आशीर्वाद यात्रा, बदलाव यात्रा, जनादेश समागम, कार्यकर्ता सम्मेलन और विधानसभा सम्मेलन के जरिये वोटरों को साधने की कोशिश परवान पर है। नेता-कार्यकर्ता जनता के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए उतावले दिख रहे हैं। इस क्रम में अारोप-प्रत्यारोप के साथ ही तल्ख बयानबाजी भी जाेर पकड़ रहा है।
दलबदल को भी तैयार हो रहे विधायक-नेता
चुनावी सुगबुगाहट के बीच झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले दलबदल की भी खूब तैयारी है। कहा जा रहा है कि चुनाव की घोषणा होते-होते पांच से छह विधायक अपना पाला बदल देंगे। इस दौरान कई नेता-कार्यकर्ता भी पुरानी पार्टी की निष्ठा छोड़कर दूसरी नई पार्टी में जाने का मन बना चुके हैं। बीते दिनों बड़े स्तर पर छोटे-बड़े नेताओं ने भाजपा और झाविमो का दामन थामा।