Sisai Jharkhand Election Result 2019: सिसई में JMM से जिग्गा होरो 38418 वोटों से जीते
Sisai Jharkhand Election Result 2019 सिसई विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के जिग्गा होरो ने भाजपा के दिनेश उरांव को 38418 वोटों से पराजित कर दिया है।
रांची, जेएनएन। Sisai Jharkhand Election Result 2019 गुमला जिले के सिसई विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं ने नया इतिहास लिखा है। झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में झामुमो के जिग्गा होरो ने भाजपा के दिनेश उरांव को 38418 वोटों से पराजित कर दिया है। डॉ. दिनेश उरांव भाजपा के कद्दावर नेता और राज्य के विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में सवा लाख सरना मतदाता हैं। इस कारण से आजाद भारत में इस विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय दल कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी चुनाव जीतते आए हैं।
लेकिन इस बार राज्य स्तरीय दल झामुमो ने इस सीट पर कब्जा जमाकर सबको चौंकाने का काम किया है। हालांकि यह काम वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव से ही होता आ रहा था। लेकिन किसी ने यह अनुमान नहीं लगाया था कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सिसई विधानसभा क्षेत्र में आधरभूत संरचनाओं के मामले में दिनेश उरांव को भी चुनावी मात खानी होगी। यह पहला मौका है जब सिसई विधानसभा क्षेत्र से गैर सरना प्रत्याशी की जीत हुई है।
जीत के बाद जिग्गा होरो ने कहा कि सिसई विधानसभा क्षेत्र में पहली बार मैं ऐसा विधायक रहूंगा जो जनता के साथ बैठकर बात करने वाला साबित होउंगा। पहले के सभी विधायक जनता से दूरी बनाकर रखते थे। जनता की सुख-दुख की बात नहीं सुनते थे। मैं पिछले 15 साल से जनता के लिए संघर्ष करता रहा हूं। जनता के बीच मैंने विश्वास जमाने का काम किया है। उसी का नतीजा है कि सिसई की जनता ने सर्वाधिक वोट से जिताने का काम किया है।
1. जिग्गा सुसारन होरो झामुमो- 93720
2. दिनेश उराांव भाजपा - 55302
3. नोटा - 5013