Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: मनोहरपुर में सड़क बनने से सफर आसान, पर नहीं थम रहा गांवों से पलायन

Jharkhand Assembly Election 2019. मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनुवा में 70 साल बाद बिजली पहुंची भाजपाई सरकार की उपलब्धि बता रहे जनता विधायक को भी क्रेडिट दे रहे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sat, 05 Oct 2019 03:29 PM (IST)Updated: Sat, 05 Oct 2019 03:29 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: मनोहरपुर में सड़क बनने से सफर आसान, पर नहीं थम रहा गांवों से पलायन
Jharkhand Assembly Election 2019: मनोहरपुर में सड़क बनने से सफर आसान, पर नहीं थम रहा गांवों से पलायन

चक्रधरपुर (प. सिंहभूम), [दिनेश शर्मा]। Jharkhand Assembly Election 2019 - पति स्व. देवेन्द्र माझी की विरासत संभाल रहीं जोबा माझी मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से रिकाॅर्ड चौथी बार जीत दर्ज कर चुकी हैं। इससे पूर्व वह देवेन्द्र माझी द्वारा बनाए गए झारखंड मुक्ति मार्चा डेमोक्रेटिक के टिकट पर लगातार तीन बार यहां से जीत चुकी हैं। गत चुनाव से पहले अपनी पार्टी का झामुमो में विलय कर दिया था। इस क्षेत्र के सभी प्रखंड घोर नक्सल प्रभावित हैं। वैसे सुरक्षाबलों की सख्ती की वजह से पिछले पांच वर्षों में यहां कोई बड़ी नक्सली घटना नहीं हुई है।

loksabha election banner

गुदड़ी सबसे पिछड़ा प्रखंड माना जाता है। 112 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सोनुवा-गुदड़ी रोड से क्षेत्र सीधे मुख्यधारा से जुड़ जाएगा। आजादी के 70 साल बाद सोनुवा में पहली बार बिजली पहुंची है। जनता इसका श्रेय विधायक होने के नाते जोझा माझी को भी देती है। भाजपा कार्यकर्ता इसका श्रेय रघुवर दास व लक्ष्मण गिलुवा को देते हैं। प्रखंड बनने के बावजूद सोनुवा से प्रशासनिक कार्य होते थे।

तत्कालीन सांसद लक्ष्मण गिलुवा की पहल पर राज्य सरकार ने यहां प्रखंड कार्यालय भवन का निर्माण कराया। सीएम ने खुद शिलान्यास व उद्घाटन भी किया। सोनुवा-लोढ़ाई सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से अनापत्ति न मिलने के कारण पेच फंसा है। अनापत्ति मिल जाए तो हजारों लोग सीधे लाभान्वित होंगे। उधर, मनोहरपुर प्रखंड में नदी के कटाव से काशीपुर और इंदिरानगर को बचाने के लिए विधायक ने गार्डवाल बनाने की पहल की है।

आमने-सामने

अगले कार्यकाल में करेंगे कई महत्वपूर्ण कार्य : जोबा

झामुमो विधायक जोबा माझी ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्ष में उन्होंने सड़क-पुल बनवाने पर ध्यान केंद्रित किया था। साथ ही गुदड़ी अलग प्रखंड का गठन कराकर उस क्षेत्र को विकास की राह पर लाया। लेकिन यह विडंबना ही है कि गुदड़ी में जहां पावर सब स्टेशन है, उसके पास के टोले में अंधेरा छाया है। अगले कार्यकाल में सभी पंचायतों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

बताया कि भवन बनकर तैयार होने के बावजूद सरकार की इच्छाशक्ति की कमी के कारण अब तक यहां पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। क्षेत्र में तीन सौ ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। विभाग ने तीस सितंबर तक बदलने की बात कही, लेकिन नहीं बदले गए। स्वास्थ्य सेवाओं को ठीक करना भी एजेंडे में शामिल है। कहा कि विपक्षी विधायक होने के कारण कार्य कराने में अधिक मशक्कत करनी पड़ रही है।

विकास के नाम पर लोगों को ठगती रहीं विधायक : गुरुचरण नायक

हमारी सरकार डबल इंजन की है। वर्ष 2009 से 2014 तक जितनी भी पीएमजीएसवाइ रोड को स्वीकृति दिलाई है, वह काम आज धरातल पर दिख रहा है। गुदड़ी प्रखंड में भाजपा सरकार ने 86 गांवों में बिजली उपलब्ध कराई है। हमारी सरकार की योजनाओं में गांव और शहर में कोई अंतर नहीं किया जाता।

इसीलिए हर गांव में स्ट्रीट लाइट लगवा रहे हैं। गुदड़ी से सोनुवा तक सड़क निर्माण हमारी सरकार की ही देन है। सरकार ने चहुंमुखी विकास किया है। जोबा माझी कई बार इस क्षेत्र से विधायक बनीं, लेकिन आज तक गुदड़ी से सेरेंगदा तक सड़क बनवाने में असफल रहीं। विकास के नाम पर लोगों को ठगती रहीं। कोई विकास का काम नहीं किया। भाजपा सरकार की उपलब्धियों को अपना बताकर काम चला रही हैं।

पांच बड़े मुद्दे

1- नहीं लगे कारखाने

इस क्षेत्र में स्टील प्लांट लगाने के लिए झारखंड गठन के बाद से कई बार अनेक कंपनियों के साथ राच्य सरकार ने एमओयू किया, लेकिन अबतक एक भी कारखाना नहीं लगा। लोग पलायन को मजबूर हैं।

जोबा माझी : सत्ताधारी दल के नेता बयान देते रहे हैं। पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा अखबारों में वेदांत स्टील प्लांट के लिए शिलान्यास कराने की बात कई बार कह चुके हैं। मैंने सरकार से सवाल पूछा, पर ठोस जानकारी नहीं मिली।

गुरुचरण नायक : भाजपा सरकार प्लांट स्थापना के लिए गंभीर है। प्रयास किए हैं। मोमेंटम झारखंड के दौरान कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है। धरातल कर इसके लिए काम किए जा रहे हैं। विधायक ने इसके लिए कोई पहल नहीं की है।

2- मानव तस्करी

मानव तस्करी की समस्या यहां गंभीर है। आए दिन मामले सामने आते रहते हैं। पर स्थिति में सुधार के लिए कोई पहल नहीं हो रही है। एक अनुमान के मुताबिक क्षेत्र की दस हजार से अधिक लड़कियां काम दिलाने के नाम पर शहरों में बेची गईं हैं।

जोबा माझी : यह बेहद दुखद स्थिति है कि क्षेत्र से इस तरह की जानकारी आती रहती है। सरकारी स्तर पर लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाना होगा। मैं स्वयं भी क्षेत्र के लोगों को सावधान रहने को कहती हंू।

गुरुचरण नायक : क्षेत्र में रोजगार की समुचित व्यवस्था के लिए ही भाजपा सरकार स्टील प्लांट की स्थापना को प्रयासरत है। स्थानीय विधायक ने इस दिशा में कोई कार्य नहीं कर रही हैं।

3- स्वास्थ्य सेवाएं

प्रखंड मुख्यालयों में बस नाम के लिए स्वास्थ्य केंद्र हैं। किसी तरह की सुविधा नहीं है। आज भी गांव में नीम हकीम पर लोग निर्भर हैं। हालत गंभीर होने पर लोग ओडिशा के राउरकेला की दौड़ लगाते हैं।

जोबा माझी : बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में मैंने लगातार विधानसभा में सवाल किया। हर बार सरकार आश्वासन देती रही, लेकिन कोई काम नहीं किया।

गुरुचरण नायक : यह स्थिति विधायक के कारण ही है। जब मैं विधायक था तो सभी अस्पतालों में डाक्टर नियमित रूप से आते थे। मरीजों का इलाज करते थे। मैं निगरानी करता था। दवाएं भी मिलती थीं।

4- बेरोजगारी-पलायन

यहां एशिया का सबसे बड़ा लौह अयस्क भंडार चिरिया माइंस है। अभी यह सेल के जिम्मे है। यहां कहने को स्थानीय लोग ही ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत हैं, लेकिन च्यादातर काम मशीन करती है। आदिवाासी युवा रोजगार के लिए मोहताज हैं।

जोबा माझी : केंद्र व राज्‍य सरकार यह सुनिश्चित करे कि स्थानीय लोगों को ही माइंस में काम मिलेगा। मैं कई बार इस संबंध में आंदोलन कर चुकी हूं।

गुरुचरण नायक : क्षेत्र की सभी माइंस में स्थानीय लोगों की ही बहाली होनी चाहिए। यदि मैं पुन: विधायक बना तो इस दिशा में कार्य करूंगा।

5- आइटीआइ की पढ़ाई

मनोहरपुर क्षेत्र में आइटीआई की पढ़ाई शुरू करने के लिए भवन बनकर वर्षों से तैयार है, लेकिन अबतक यहां पढ़ाई शुरू नहीं हुई। इससे स्टूडेंट परेशान हैं।

जोबा माझी : मैंने लगातार इस दिशा में प्रयास किया। लेकिन सरकार आश्वासन देने के अलावा और कुछ करने को तैयार ही नहीं है। अगले कार्यकाल में पहला काम पढ़ाई शुरू कराना होगा।

गुरुचरण नायक : विधायक पांच वर्ष से सिर्फ बयान दे रही हैं। उन्होंने कोई प्रयास ही नहीं किया। चाहतीं तो आइटीआइ की पढ़ाई शुरू करवा सकती थीं। जनता सब जानती है।

जनता की प्रतिक्रिया

काशीपुर गांव में हर वर्ष नदी के कटाव से लोग परेशान थे। विधायक ने गार्डवाल बना दिया, समस्या खत्म हो गई है। आम लोगों से सहज भाव से मिलती हैं। ठीक काम कर रही हैं। -मानुएल बेक, मनोहरपुर : 9/10 अंक।

विधायक ने कोई काम नहीं किया है। मनोहरपुर बाजार की सड़क नहीं बनी। साप्ताहिक हाट का सुंदरीकरण नहीं हुआ। आइटीआइ की पढ़ाई शुरू नहीं हुई। शव दाहगृह नहीं बना। नई ट्रेन नहीं मिली। -किशोर डागा, मनोहरपुर : 3/10 अंक।

आनंदपुर की बहुचर्चित मांग भालडुंगरी से समीज और आनंदपुर बस्ती से रोबकेरा सड़क काफी खस्ताहाल है। इन दोनों सड़कों के लिए विधायक ने कोई पहल नहीं की। उनके कार्यकाल से दुखी हूं। -सुमित नंदा, मनोहरपुर : 2/10 अंक।

सोनुवा से गुदड़ी जाने वाली सड़क लोढाई तक बढिय़ा बनी है। बीच में आधा किलोमीटर सड़क वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण नहीं बनी है। विधायक को ध्यान देना चाहिए। -कुशल मुंडा, सोनुवा : 5/10 अंक।

विधायक का कामकाज ठीक है, पर क्षेत्र के विकास के लिए और कुछ करने की जरूरत है। रोजगार मिले व पलायन रुके, इस दिशा में ठोस पहल करने की जरूरत है। -जेम्स बांड बुरुगुली, सोनुवा : 5/10 अंक।

विधायक निधि का उपयोग

वित्तीय वर्ष  --- खर्च का प्रतिशत

2015-16      शतप्रतिशत

2016-17      शतप्रतिशत

2017-18      शतप्रतिशत

2018-19      शतप्रतिशत

2019-20       75 प्रतिशत

इतने हैं मतदाता

महिला वोटर : 98,527

पुरुष वोटर : 98,228

कुल वोटर : 1,96,755

विधानसभा चुनाव 2014 के नतीजे

जोबा माझी (झामुमो) : 57,558

गुरुचरण नायक (भाजपा) : 40,989

लोकसभा 2019 का परिणाम विस क्षेत्र

गीता कोड़ा (कांग्रेस) : 58,264

लक्ष्मण गिलुवा (भाजपा) : 52,152


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.