Jharkhand Assembly Election 2019 : रघुवर नगर में रघुवर व सरयू समर्थकों में जमकर मारपीट, कई हुए चोटिल Jamshedpur News
Jharkhand Assembly Election 2019.सरयू राय दोपहर में बर्मामाइंस स्थित रघुवर नगर चुनाव प्रचार करने गए थे जहां मुख्यमंत्री समर्थक भाजपाई सरयू राय के विरोध में नारेबाजी करने लगे।
जमशेदपुर, जासं। Jharkhand Assembly Election 2019 जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। शनिवार को बर्मामाइंस के रघुवर नगर में भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री रघुवर दास व निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें कई लोग चोटिल हुए।
सरयू राय के काफिले के साथ चल रही पुलिस टीम ने स्थिति को संभाल लिया। हालांकि आगे भी इस तरह का टकराव होने की आशंका जताई जा रही है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वे पांच-सात लोगों के साथ सरयू राय रघुवर नगर से चुनाव प्रचार करके निकल रहे थे। तभी पीछे से कुछ लोग तरह-तरह के नारे लगाने लगे। इससे सरयू के समर्थक भड़क गए। उन्होंने नारे लगाने वालों को रोका, तो वे उलझ गए। काफी देर तक रघुवर व सरयू समर्थकों के बीच टकराव चलता रहा।
इनकी सुनें
जब हमलोग रघुवर नगर से प्रचार करके निकल रहे थे, तो पीछे से करीब एक दर्जन लोग भद्दे-भद्दे नारे लगाने लगे। हमारे समर्थकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
- सरयू राय, निर्दलीय प्रत्याशी
रघुवर नगर में चुनाव प्रचार के दौरान मामूली झड़प की सूचना मिली। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उसे नियंत्रित कर लिया। थाने में किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
- विनोदानंद सिंह, थाना प्रभारी, बर्मामाइंस
रघुवर नगर में सरयू राय के समर्थकों के साथ जिनकी झड़प हुई, वे भाजपा कार्यकर्ता नहीं थे। कोई भी कहीं भी प्रचार कर सकता है। यदि उन्हें रोका गया है तो गलत हुआ।
- दिनेश कुमार, महानगर अध्यक्ष, भाजपा