Jharkhand Assembly Election 2019: NDA गठबंधन बचने के अभी भी बने हुए हैं आसार, भाजपा का 10-3 का प्रस्ताव
Jharkhand Assembly Election 2019. आजसू को दस सीटों देने के साथ ही तीन सीटों पर फ्रेंडली फाइट की छूट दी है। आजसू की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड में भाजपा-आजसू गठबंधन बचने के आसार अब भी बने हुए हैं। गठबंधन बचाने की पहल भाजपा के स्तर से की गई है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने आजसू को 10-3 का प्रस्ताव दिया है। स्पष्ट है कि आजसू को दस सीट देने के साथ ही तीन सीटों पर फ्रेंडली फाइट की छूट दी गई है। हालांकि, भाजपा के इस प्रस्ताव पर आजसू की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं की गई है।
इस बीच लोहरदगा सीट से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर सुखदेव भगत ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। ये वही सीट है जिसे लेकर भाजपा और आजसू के बीच दरार आई थी। आजसू की नीरू शांति भगत 11 नवंबर को ही लोहरदगा से अपना नामांकन दाखिल कर चुकी है। यहां यह भी बता दें कि भाजपा ने 10-3 का जो प्रस्ताव दिया है, उसमें अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कौन सी दस सीटें आजसू को दी जाएंगी और वो कौन सी तीन सीटें होंगी जिन पर फ्रेंडली फाइट होगी।
यह भी कहा जा रहा है कि आजसू के अडऩे की स्थिति में इस मसौदे को 10-4 तक ले जाया जाएगा। लेकिन आजसू को चक्रधरपुर से वापस होना होगा। यहां से भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि आजसू ने 11 नवंबर को 12 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी। इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की चक्रधरपुर सीट भी शामिल है।
सिंदरी, सिमरिया और मांडू जैसी उन सीटों से आजसू ने प्रत्याशी उतारे हैं, जहां से भाजपा अपने उम्मीदवार पहले ही दे चुकी थी। मंगलवार को इसमें छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर का नाम और जुड़ गया। राधाकृष्ण किशोर ने भी बुधवार को छतरपुर से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।