Jharkhand Assembly Election 2019: झामुमो के एमटी राजा आजसू में शामिल, राजमहल से लड़ेंगे चुनाव
Jharkhand Assembly Election 2019. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए टिकट को लेकर नेताओं के दल बदल का खेल जारी है। कई अन्य नेताओं ने भी आजसू का दामन थामा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए टिकट को लेकर नेताओं के दल बदल का खेल जारी है। ताजा घटनाक्रम में रविवार को पूर्व विधायक अकील अख्तर के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मो. ताजुद्दीन राजा (एमटी राजा) ने सुदेश महतो की पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंटस यूनियन (आजसू) का दामन थाम लिया। टिकट की आस में आजसू में शामिल हुए एमटी राजा को सुदेश महतो ने राजमहल से प्रत्याशी भी बनाने की घोषणा कर दी है।
बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव यानि 2014 में मो. ताजुद्दीन राजा राजमहल से झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इसमें वह दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा संताल के बरहेट के युवा नेता जी. हेम्ब्रम, जमुआ के सत्यनारायण दास तथा देवघर के संतोष पासवान आदि ने भी आजसू की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने इन सभी नेताओं को पट्टा पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी छोटानागपुर के बाद संताल परगना में अपनी ताकत बढ़ाना चाहती है। पार्टी में शामिल होने वाले ये नेता इसमें बड़ी भूमिका निभाएंगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।