Jharkhand Assembly Election 2019: अन्नपूर्णा का दावा, दूसरे दलों के दिग्गजों को उड़ा ले जाएगी भाजपा; संताल में करेंगे सूपड़ा साफ
कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि झारखंड के कई दलों के दिग्गज नेता भाजपा के टच में हैं। समय के साथ ही वे पाला बदल कर भाजपा में शामिल होंगे।
जसीडीह (देवघर), जेएनएन। राज्य के कई दलों के दिग्गज नेता भाजपा के टच में हैं। समय के साथ ही वे पाला बदल कर भाजपा में शामिल होंगे। राजनीति में लोगों का पार्टी में आना जाना लगा रहता है। उक्त बातें देवघर पहुंचीं कोडरमा सांसद व भाजपा नेता अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को कही। वह जसीडीह पागला बाबा आश्रम के समीप गुलमोहर गार्डन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंची थीं।
इसके पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव में 65 पार का लक्ष्य तय किया गया है। चुनाव में पार्टी अपने इस तयशुदा लक्ष्य को हासिल करे। इसके लिए एक-एक कार्यकर्ता चुनावी तैयारी में जुट जाएं। अन्नपूर्णा ने कहा कि जीत में सबसे अहम भूमिका मंडल व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की होगी।
उन्होंने कहा कि संताल परगना में किसी भी विपक्षी पार्टी का इस चुनाव में खाता नहीं खुलने वाला है। संताल परगना में विकास की गति तेज है और भाजपा सरकार ने इसे गति दी है इससे यहां की जनता देख व समझ चुकी है। कहा कि कार्यकर्ता केंद्र व राज्य की सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं और यह भी बताएं कि वर्तमान सरकार जाति, धर्म और जात-पात से उपर उठकर विकास की राजनीति कर रही है।