Jharkhand Election 2019: चंदवा में जेपी नड्डा बोले, दूसरी पार्टियों में दम नहीं-भाजपा जाएगी 65 पार JP Nadda Rally
JP Nadda Rally in Jharkhand Assembly Election 2019 चंदवा में सभा के बाद जेपी नड्डा ने पलामू में विधानसभा कोर कमेटी की अहम बैठक की।
रांची, जेएनएन। JP Nadda Rally in Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा के 65 प्लस के लक्ष्य को साधने शुक्रवार को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा लातेहार पहुंचे। नड्डा ने चंदवा में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा से जुड़ना भाग्य की बात है। हम यह कह सकते हैं कि हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की संख्या आज इस मायने में भी महत्वपूर्ण हो जाती है कि हमारे सदस्यों की संख्या से 7 देशों की आबादी ही ज्यादा है।
हमारे कार्यकर्ताओं की संख्या के कारण ही हम मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से बड़ा हौसला किसी के पास नहीं है। किसी और दल के कार्यकर्ताओं में दम भी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को छोड़कर बाकी सभी पार्टी वंशवाद और परिवारवाद पर है। अमित शाह और नरेंद्र मोदी ने देश को एक दिशा दी है। झारखंड के विकास की गति को हमें थमने नहीं देना है, लक्ष्य हमारा सिर्फ एक है, इस बार 65 पार।
नड्डा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाने का विरोध विपक्षी दल के नेता सिर्फ इसलिए कर रहे थे, वहां पर उनका वोट बैंक धारा 370 के कारण ही था। धारा 370 हटाए जाने से इनका वोट बैंक ही खत्म नहीं हुआ, बल्कि इनकी रोटी भी खत्म हो गई। सिर्फ नरेंद्र मोदी ही ऐसे व्यक्ति थे, जिसने जम्मू-कश्मीर को उस अभिशाप से मुक्ति दिलाने का काम किया। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी भी धारा 370 को स्थाई करने की प्रयास नहीं किया, वजह साफ थी कि कांग्रेस को भी पता था कि 370 देश के लिए सही नहीं है। उन्होंने लातेहार विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रकाश राम को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील आम जनता से की।
इस बार 65 पार सीट लाएं : अर्जुन मुंडा
चंदवा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं से आवाहन करते हुए कहा कि इस बार हमलोगों को 65 पार सीटें लानी है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता जी जान में जुट जाएं। जनता भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। भाजपा ने जिस तरह से जनता के हित में विकास कार्य किए हैं, उसके बाद इस बार हम 65 पार सीटें लाएं।
जेपी नड्डा ने की पलामू में विधानसभा कोर कमेटी की अहम बैठक
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा पलामू में विधानसभा कोर कमेटी की अहम बैठक कर रहे हैं। नड्डा ने इससे पहले लातेहार के चंदवा में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान का आह्वान किया।