Jharkhand Assembly Election 2019: JMM ने चुनाव चिह्न प्रतिबंधित करने की JDU की मांग को बताया हास्यास्पद
Jharkhand Assembly Election 2019. झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव आयोग ने झारखंड में जदयू के चुनाव चिह्न को प्रतिबंधित कर दिया है। इससे जदयू बौखला गया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - झामुमो ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) द्वारा उनके चुनाव चिह्न को प्रतिबंधित करने की मांग को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दिए गए पत्र को हास्यास्पद बताया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव आयोग ने झारखंड में जदयू के चुनाव चिह्न को प्रतिबंधित कर दिया है। इससे जदयू बौखला गया है और झामुमो के चुनाव चिह्न को प्रतिबंधित करने के लिए कुतर्क दे रहा है।
तीर-धनुष आदिवासियों के धर्म से जुड़ा है और इसकी आड़ लेकर चुनाव चिह्न को प्रतिबंधित कराना चाह रहे हैं। अगर धर्म के आधार पर ही चुनाव चिह्न को देखा जाए, तब तो कई दलों पर सवाल उठते हैं। हिंदू धर्म में कमल के फूल को कई देवताओं ने धारण किया है। हाथी और शेर भी देवी-देवताओं की सवारी हैं। इससे नीतीश कुमार की संकुचित सोच का पता चलता है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय मंत्रियों के दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता यहां की जनता को गुमराह करने के लिए बयान देते हैं। वे राज्य में हुए कई बड़ी घटनाओं का जिक्र तक नहीं करते हैं। राज्य सरकार का विकास ऐसा है कि पाकुड़ में पुल ही बह गया है। एनएच की सड़कें उखडऩे लगी हैं। राज्य में बेरोजगारी बढ़ रही है।