Jharkhand Assembly Election 2019: झामुमो की सधी प्रतिक्रिया- हेमंत ही होंगे नेता, जारी हो चुका प्रस्ताव
Jharkhand Politics. झामुमो ने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर कहा कि कांग्रेस आलाकमान प्रस्ताव जारी कर चुका है। हाईकमान से ऊपर कौन है।
रांची, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव की तेज हुई तैयारियों के बीच नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के एक बयान ने रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा को असहज कर दिया। उरांव ने गिरिडीह में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट करने पर मुहर नहीं लगी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इस पर सधी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसा कहने से पहले कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को पार्टी आलाकमान से जानकारी लेनी चाहिए।
अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो इससे यही लगता है कि उन्हें संगठन पर भरोसा नहीं है। इस प्रकार की अपरिपक्व बातें कहने से पहले उन्हें नेतृत्व से पूछना चाहिए था। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चुनाव लडऩे से संबंधित लिखित प्रस्ताव कांग्रेस की ओर सार्वजनिक किया जा चुका है। इस पर कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार और झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के भी हस्ताक्षर हैं।
एक संयुक्त प्रस्ताव तमाम नेताओं के हस्ताक्षर से जारी किया गया था। किसी गंभीर विषय पर सार्वजनिक वक्तव्य देते वक्त इसका ख्याल हर हाल में रखा जाना चाहिए। उन्होंने रामेश्वर उरांव को परिपक्व बताते हुए यह भी कहा कि वे महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं और अपने बयान की गंभीरता को भी समझते होंगे। साथ ही यह भी कहा कि इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में कई बार विपक्षी दलों की संयुक्त बैठकें हो चुकी हैं। वे लगातार तमाम नेताओं के संपर्क में भी हैं।