Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस का निर्देश, बूथ एजेंट तक से संपर्क में रहें जिलाध्यक्ष
Jharkhand Congress. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को जिलाध्यक्षों और अग्रणी मोर्चा संगठनों के साथ बैठक कर उनका हौसला बढ़ाया।
रांची, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस ने नए प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। फिलहाल वे कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने में लगे हैं। सोमवार को इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने जिलाध्यक्षों और अग्रणी मोर्चा संगठनों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि जिलाध्यक्ष समेत सभी सीनियर लोग सीधे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहें।
बैठक में विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, इरफान अंसारी, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान एवं संगठन प्रभारी रवींद्र सिंह भी मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि सभी जिलाध्यक्ष एवं मोर्चा संगठन के चेयरमैन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करें। हर बूथ पर स्वयं जाकर बूथ एजेंट से मिलते हुए चुनावी तैयारियों को अंतिम स्वरूप दें। बूथवार प्रभावी लोगों की सूची कार्यालय को भेजें।
विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने का काम सिर्फ जिलाध्यक्षों का ही नहीं, बल्कि सभी का है। सरकार के प्रति लोगों में आक्रोश है और इसे आवाज देने की जरूरत है। डबल इंजन की सरकार फेल हो गई है। इंजन बदलने का समय आ गया है। अब कांग्रेस को इंजन बनना होगा, ताकि झारखंड को विकास की पटरी पर आगे बढ़ाया जा सके। कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बैठक का संचालन करते हुए कहा कि हमने बूथ स्तर से लेकर सेक्टर प्रभारी तक मजबूत करने का काम लोकसभा चुनाव से पहले किया गया था।
संगठन में कुछ कमियां रह गई थीं, उसमें सुधार की जरूरत है। कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा कि हमें संगठन को मजबूत करने के लिए सबसे पहले अनुशासित होने की जरूरत है। हमारे प्रभारी आरपीएन सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि अनुशासन को बनाए रखने से ही पार्टी मजबूत होगी। कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हम सभी को 'करो या मरो' के तर्ज पर काम करना होगा। बुजुर्गों से फरमान लेकर युवाओं को कमान एवं कार्यकर्ताओं को सम्मान देकर संगठन को मजबूत करना होगा। संगठन मजबूत बनेगा, तभी हम मजबूत होंगे।
मानस सिन्हा ने कहा कि हमें बूथ पर नए तरीके एवं तेवर के साथ तैयारी करनी होगी। संजय लाल पासवान ने कहा कि मेरा संकल्प है छात्रों एवं युवाओं को पार्टी से जोडऩा। संगठन मोर्चा प्रभारी रवींद्र सिंह ने कहा कि प्रकोष्ठ एवं विभाग को साथ लेकर कांग्रेस को मजबूत करना है। बैठक में मौजूद जिलाध्यक्षों ने कहा कि संगठन ने लोकसभा में अच्छा काम किया था, फिर भी जो कमियां रह गई हैं, उसे दूर कर झारखंड की निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।
शुरुआत वंदे मातरम से, अंत राष्ट्रगान से
कांग्रेस की बैठक में पुरानी परंपरा में बदलाव देखा जा रहा है। सोमवार को हुई बैठक की शुरुआत वंदे मातरम से हुई तथा समापन राष्ट्रगान से हुआ। ऐसा हाल के दिनों में नहीं हुआ था।
अधिसंख्य जिलाध्यक्ष मौजूद रहे
बैठक में जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सुरेश बैठा, साजिद अहमद, रौशन बरवा, अनूप केशरी, राम कृष्ण चौधरी, विजय खां समेत अधिसंख्य जिलों के अध्यक्ष मौजूद रहे। मंडल अग्रणी मोर्चा संगठन के अध्यक्ष गुंजन सिंह, नेली नाथन, अभिलाष साहु, शकील अख्तर अंसारी आदि की भी मौजूदगी दिखी।