Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा ने कहा-भटक गया विपक्ष, झारखंड चुनाव में प्रचंड जीत का दावा
भाजपा ने कहा कि जीवन भर झामुमो के विरोध में राजनीति करने वाले बाबूलाल मरांडी अगर सोरेन परिवार के नेतृत्व को स्वीकार लेते हैं तो ये नैतिकता के गिरने की पराकाष्ठा हो जाएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा ने एक बार फिर विपक्ष को दिशाहीन बताते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस ने राज्यसभा में वोट लेते समय हेमंत सोरेन के नेतृत्व को स्वीकार किया था। लेकिन अब उनके प्रदेश अध्यक्ष और राज्य प्रभारी दोनों कह रहे हैं कि प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह बाद में तय किया जाएगा।
झाविमो सभी सीटों पर चुनाव लडऩे की सोच रहा है। ऐसे भी जीवन भर झामुमो के विरोध में राजनीति करने वाले बाबूलाल मरांडी अगर सोरेन परिवार के नेतृत्व को स्वीकार लेते हैं तो ये नैतिकता के गिरने की पराकाष्ठा हो जाएगी। राजद के इतने गुट हैं कि शायद उसके कार्यकर्ताओं को भी नहीं पता कि असली राजद कौन है। प्रतुल ने कहा कि झामुमो में नेतृत्व का महासंकट है क्योंकि जब शिबू सोरेन ही चुनाव हार गए तो फिर पार्टी में कोई दूसरा नहीं बचता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इन सभी के विपरीत भाजपा रघुवर दास के नेतृत्व में व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रही है और जनता का अपार समर्थन भी मिल रहा है। पिछले 5 वर्षों में किए गए विकास कार्य धरातल पर दिख रहें हैं और भाजपा इस बार अपने 65 प्लस के लक्ष्य को पार करके ही रहेगी।