Jharkhand Assembly Election 2019: चाैथे चरण में 15 सीटों पर शांतिपूर्ण 62.66 प्रतिशत मतदान, बोकारो में सबसे कम और चंदनकियारी में सर्वाधिक; EVM में 221 का भाग्य लॉक
चाैथे चरण में धनबाद जिले की छह बोकारो जिले की दो गिरिडीह जिले की पांच और देवघर जिले की दो विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। 62.66 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 के चाैथे चरण की 15 विधानसभा सीटों पर सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में कुल 47 लाख, 85 हजार, 9 मतदाताओं में 62.66 फीसद ने मताधिकार का प्रयोग कर 221 प्रत्याशियों के भाग्य को ईवीएम में लॉक कर दिया। मतगणना 23 दिसंबर को होगी।
दस विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से 5 बजे तक मतदान हुआ। जबकि नक्सल प्रभावित बगोदर, जमुआ, गिरिडीह, डुमरी तथा टुंडी में तीन बजे तक मतदान हुआ। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार चाैथे चरण में कुल 62.66 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। चाैथे चरण में धनबाद जिले की छह, बोकारो जिले की दो, गिरिडीह जिले की पांच और देवघर जिले की दो विधानसभा सीटों मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान बोकारो जिले की चंदनकियारी सीट पर 75.03 फीसद और सबसे कम बोकारो जिले की ही बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 51.50 फीसद हुआ। इस चरण में 221 प्रत्याशियों का भाग्य तय ईवीएम में लॉक हो गया। कुल प्रत्याशियों में 198 पुरुष तथा 22 महिला हैं।
- इनका भाग्य ईवीएम में लॉक
मंत्री : राज पलिवार तथा अमर कुमार बाउरी।
पूर्वी मंत्री : लालचंद महतो, अपर्णा सेनगुप्ता, उमाकांत रजक, मन्नान मल्लिक, मथुरा महतो, सुरेश पासवान, जलेश्वर महतो।
विधायक : राज पलिवार व अमर बाउरी के अलावा फूलचंद मंडल, राजकिशोर महतो, अरूप चटर्जी, नारायण दास, नागेंद्र महतो, केदार हाजरा, जयप्रकाश वर्मा, निर्भय कुमार शाहाबादी, बिरंची नारायण, राज सिन्हा, ढुलू महतो तथा जगरनाथ महतो।
- कहां कब से कबतक मतदान
मधुपुर, देवघर, गांडेय, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया तथा बाघमारा: सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक।
बगोदर, जमुआ, गिरिडीह, डुमरी तथा टुंडी : सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक।