Jharkhand Assembly Election 2019: CM रघुवर दास ने रांची के मांडर-तोरपा में रोड शो कर मांगा वोट
Jharkhand Assembly Election 2019. गुरुवार को दोपहर बाद उन्होंने रोड शो किया। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 - मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान के तहत राजधानी रांची के मांडर और तोरपा में रोड शो किया। गुरुवार को दोपहर बाद उन्होंने रोड शो किया। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मांडर से देव कुमार धान भाजपा प्रत्याशी हैं और तोरपा से कोचे मुंडा को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। रोड शो में कारों के काफिले के साथ हजारों की भीड़ पीछे-पीछे साथ चल रही थी। रोड शो मांडर विधानसभा क्षेत्र के सोसई आश्रम मैदान से शुरू हुआ और यह मांडर बाजार टांड तक चला। रोड शाे में मौजूद कार्यकर्ता पूरे उत्साह से भाजपा और रघुवर दास के पक्ष में नारे लगा रहे थे। इस दौरान सीएम ने रघुवर दास लोगों से वोट देने की अपील की।
रोड शो के बाद जनसभा में सीएम रघुवर दास ने कहा कि यह विधानसभा चुनाव झारखंड की विकास यात्रा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपका एक-एक वोट तोरपा और झारखंड के विकास को नई गति देगा। अभी तो 19 साल के युवा झारखंड ने अंगड़ाई ली है। भ्रष्टाचार और वंशवाद के खिलाफ आपकी-हमारी लड़ाई अभी जारी है।
उन्होंने कहा कि 14 साल तक झामुमो और कांग्रेस ने झारखंड को लूटा है। रांची में सरकार बनती थी और दिल्ली में साजिश रचकर झामुमो और कांग्रेस उसे गिरा देते थे। भ्रष्टाचार चरम पर था, नक्सलवाद का आतंक था, झारखंड के विकास पर ब्रेक लग गया था। 2014 में झारखंड ने वंशवाद-भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया और विकास करने वाली भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया। आपके आशीर्वाद से पहली बार राज्य में स्थायी सरकार बनी। राज्य तेजी से विकास के पथ पर बढ़ा। उन्होंने जनता से अपील की कि झारखंड को फिर से भाजपा की स्थायी और मजबूत सरकार दीजिए।