Jharkhand Assembly Election 2019 : झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी का तंज, हाथी उड़ाने के नाम पर सरकार ने 900 करोड़ किया बर्बाद
Jharkhand Assembly Election 2019. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रघुवर सरकार ने हाथी उड़ाने के नाम पर नौ सौ करोड़ फूंक डाले। फिर भी हाथी उड़ा नहीं।
घाटशिला, जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए झाविमो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सूबे की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि सरकार ने हाथी उड़ाने के नाम पर नौ सौ करोड़ फूंक डाले।
घाटशिला के राजस्टेट मैदान में पार्टी प्रत्याशी डॉ सुनीता सोरेन के पक्ष में आयोजित सभा में मरांडी ने कहा कि रघुवर दास की सरकार में 11 लाख से अधिक लोगों का राशन कार्ड व ढाई लाख लोगों का पेंशन रद्द हुआ। सरकार ने कहा कि इन लोगों ने आधार से लिंक नही करवाया था, इसलिए इनका रद्द हो गया। उन्होंने कहा कि झारखंड गांव में बसता है। गरीब लोगों को नही मालूम कि आधार से लिंक कैसे करवाते हैं। सरकार की गलत नीति के कारण दो दर्जन गरीब लोग भूखे मर गए। झाविमो की सरकार बनेगी तो एक भी व्यक्ति भूखा नही मरेगा।
रघुवर विदेशों में घूमकर उड़ा रहे हाथी
मरांडी ने कहा कि रघुवर दास विदेशों में घूम कर हाथी उड़ा रहे है। हाथी तो कभी उड़ा नहीं। उन्होंने प्रदेश की गरीब जनता का 900 करोड़ रुपया उड़ा दिया। हम झारखंड को सिंचित, शिक्षित,स्वस्थ्य और स्वावलंबी झारखंड बनाएंगे। झाविमो की सरकार बनेगी तो अपराधी जेल में या प्रदेश के बाहर होंगे।