जमशेदपुर, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जंग में रोचकता आ गई है। चुनाव चिह्न के रूप में गैस सिलेंडर मिलते ही पार्टी से बगावत कर क्षेत्रीय विधायक व मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय खम ठोंकने कूदे मंत्री सरयू राय रेस हो गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री का गढ़ बचाने बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता व पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव भी जमशेदपुर पहुंच गए हैं। यादव ने रामाधीन बागान में समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर रघुवर दास को वोट देने का आग्रह किया।
सरयू ने कही ये बात
चुनाव चिह्र मिलने के बाद मीडिया से मुखातिब सरयू राय ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी दल से नहीं है। यहां तक कि भाजपा से भी नहीं। उनकी लड़ाई उस प्रवृत्ति के खिलाफ है जिसने जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र में कोहराम मचा रखा है। उसके स्वभाव से लोग आहत हैं और अपमानित महसूस कर रहे हैं। राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी और जदयू ने उनका समर्थन किया है और उनकी अपील है कि अन्य पार्टियां भी आगे आनेवाले समय में परिस्थिति के अनुरूप फैसला करे।
किया ये दावा
सरयू ने मोरहदा में विजया गार्डेन के पीछे घर टूटने का जिक्र किया और प्रभावितों का दर्द बयां करते हुए दावा किया कि वे विधायक बनेंगे तो उसी जगह घर बनवायेंगे और कोई नहीं तोड़ेगा। इसी कड़ी में उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह किसके इशारे पर किया गया, छिपा नहीं है। अगर साजिशन खास-खास घरों को नहीं तोड़ा गया तो फिर यह कैसे कहा जा रहा कि अब कोई घर नहीं टूटेगा। उन्होंने घरों को तोड़े जाने की कार्रवाई की तुलना राम मंदिर से की और कहा कि जिस क्रूरता से घरों को तोड़ा गया उतनी क्रूरता से मीर बांकी ने भी मंदिर को नहीं तोड़ा होगा।
रोज उठायेंगे एक मुद्दा , पूछेंगे सवाल
सरयू ने कहा कि वे अब रोज भ्रष्टाचार के एक मुद्दे को उठायेंगे और सवाल पूछेंगे। यह भी पूछेंगे कि सबूत है तो फिर कार्रवाई क्या हुई।
भय से उतरे भाजपा नेता व कार्यकर्ता
राय ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर पश्चिमी के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है कि पूर्वी क्षेत्र में देखा तो खैर नहीं। पीछे सीआइडी लगाने की बात कही जा रही है। सरयू ने कहा कि भाजपा के नेता व कार्यकर्ता भय से उबरें और मन की सुने।
पर्चे में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का कथन
सरयू राय ने एक पर्चा भी जारी किया जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय का कथन छपा है। पंडित उपाध्याय के हवाले से लिखा गया है कि अच्छी पार्टी अगर खराब आदमी को टिकट देती है तो जनता को चाहिए कि उसे खारिज कर दे। हो सकता है कि पार्टी ने किसी दबाव में उम्मीदवार बनाया हो।
नंद किशोर यादव ने किया मैराथन जनसंपर्क, रघुवर के लिए मांंगे वोट
भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री नंदकिशोर यादव भी गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचे और भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभाली। उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र के रामाधीन बागान, भुइयांडीह के नंदनगर, बिरसानगर में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। राय ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को भारी मतों से विजय बनाने के लिए आह्वाहन किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार की वजह से झारखंड विकास के पथ पर तेेजी से दौड़ सका है। इसकी गति और बढ़ाने के लिए फिर भाजपा की झारखंड में सरकार जरूरी है। यादव ने भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के बारीडीह में जनसंपर्क एवं मंडल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने के लिए आज जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र के रामाधीन बागान में समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर माo मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास जी को भारी मतों से विजय बनाने के लिए आह्वान किया।
#BJP #India #AbkiBaar65Paar pic.twitter.com/oynsiBI4he
— Nand Kishore Yadav (@nkishoreyadav) November 21, 2019
Posted By: Rakesh Ranjan
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप