Jharkhand Assembly Election 2019: नहीं मिला एडवांस, दो पैकेट सत्तू-मिक्चर के सहारे ड्यूटी कर रहे होमगार्ड जवान
धनबाद जिला के एक सौ होमगार्ड जवानों को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। सत्तू और मिक्चर तक तो ठीक है लेकिन बिना एडवांस भुगतान के ही ड्यूटी पर भेज दिए जाने से इनमें नाराजगी है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 में ड्यूटी में लगाए गए होमगार्ड जवान नाराज हैं। इनकी नाराजगी का मुख्य कारण ड्यूटी पर भेजने से पहले एडवांस नहीं दिया जाना है। इसके अलावा खान-पान की भी उचित व्यवस्था नहीं मिलने को लेकर इनकी नाराजगी सामने आ रही है।
बताते चलें कि धनबाद जिला के एक सौ होमगार्ड जवानों को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। सत्तू और मिक्चर तक तो ठीक है, लेकिन बिना एडवांस भुगतान के ही ड्यूटी पर भेज दिए जाने से इनमें नाराजगी है। मामले को लेकर झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रशासन स्तर से एडवांस का भुगतान नहीं करना लापरवाही को उजागर करता है। जवानों के हाथ में पैसे नहीं हैं। ऐसे में वे दूसरों का मुंह ताकने को मजबूर हैं।