Hemant Oath Ceremony: 81 में अब तक 52, हेमंत सरकार को उम्मीद से ज्यादा विधायकों का साथ
Hemant Oath Ceremony झाविमो के 3 विधायकों के साथ ही भाकपा माले के एक विधायक और राकांपा के एक विधायक सरकार को समर्थन देने का एलान कर चुके हैं।
रांची, [जागरण स्पेशल]। Hemant Oath Ceremony हेमंत साेरेन की अगुआई में झारखंड में बनने वाली झामुमो, कांग्रेस और राजद की महागठबंधन सरकार का कुनबा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। विधानसभा सदस्यों की कुल संख्या 81 में से अब तक 52 विधायकों का साथ गठबंधन सरकार को हासिल हो गया है। संभव है कि अगले कुछ दिनों में कई और विधायक इस सरकार के साथ आ जुड़ें। इस बार चुनाव में झामुमो ने 30, कांग्रेस ने 16 और राजद ने एक सीटें जीती हैं। महागठबंधन ने 47 विधायकों के साथ सरकार बनाने के लिए बहुमत की तय संख्या 41 से अधिक संख्या बल प्राप्त किया है।
अब तक की जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो के 3 विधायकों के साथ ही भाकपा माले के एक विधायक और राकांपा के एक विधायक सरकार को समर्थन देने का एलान कर चुके हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास को हराने वाले भाजपा के बागी निर्दलीय विधायक सरयू राय ने भी हेमंत सरकार को समर्थन देने का एलान किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि जिस तरह साथी दलों के अलावा छोटे दल हेमंत सोरेन सरकार को समर्थन देने के लिए आगे आ रहे हैं, उससे महागठबंधन आने वाले दिनों में और मजबूत होगा।
चुनाव में महागठबंधन से बाहर रहे झाविमो, भाकपा माले और राकांपा
झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ बने विपक्षी महागठबंधन में झारखंड विकास मोर्चा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल नहीं थी। हालांकि अब ये तमाम दल सरकार के साथ खड़े हैं। झाविमो की ओर से जहां पहले ही हेमंत सरकार को बिना शर्त समर्थन का एलान किया गया है, वहीं बीते दिन भाकपा माले ने सरकार को बाहर से समर्थन का एलान किया है। राकांपा के विधायक कमलेश सिंह ने भी हेमंत सोरेन से मुलाकात कर महागठबंधन सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है। इस तरह झाविमो, भाकपा माले और एनसीपी के समर्थन के बाद 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में अभी तक 52 सदस्यों का समर्थन नामित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिल चुका है।
आज राँची आवास में हुसैनाबाद विधानसभा से नव निर्वाचित विधायक कमलेश सिंह जी से मुलाकात हुई। pic.twitter.com/hbDfljCqAb— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 26, 2019
दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे हेमंत सोरेन
झारखंड में नई सरकार के शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रशासनिक देखरेख में समरोह स्थल पर जरूरी व्यवस्था की गई। इस क्रम में अफसरों ने यहां सुरक्षा समेत तमाम छोटी-बड़ी तैयारियों को सिरे से परखा। हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण को लेकर अतिथियों को न्योता भेजे जाने का क्रम भी जारी है।
राहुल, ममता, केजरीवाल समेत कई दिग्गज बनेंगे शपथ ग्रहण के गवाह
झारखंड के नामित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समाराेह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में इन नेताओं के साथ ही भाजपा विरोधी नेताओं का जमावड़ा लगने की उम्मीद की जा रही है।