Gumla Jharkhand Election Result 2019: गुमला में JMM से भूषण तिर्की 7667 वोटों से जीते
Gumla Jharkhand Election Result 2019. गुमला विधानसभा क्षेत्र में झामुमो के भूषण तिर्की ने भाजपा के मिशिर कुजूर को 7667 वोट से पराजित किया।
रांची, जेएनएन। Gumla Jharkhand Election Result 2019 गुमला विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर भूषण तिर्की ने जीत हासिल की है। झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मिशिर कुजूर को 7667 वोट से पराजित किया। भूषण तिर्की को 67416 वोट मिले और मिशिर कुजूर को 59749 वोट प्राप्त हुए। झारखंड विकास मोर्चा के रजनील तिग्गा को 2510 वोट, सीपीआइ के बिश्वनाथ उरांव को 1501 वोट प्राप्त हुए।
जीत के बाद भूषण तिर्की ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। जनता भाजपा सरकार से उब चुकी थी। जल-जंगल और जमीन खतरे में थी। मेरी पार्टी ने जल-जंगल और जमीन को बचाने के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष किया था। मैं जनता के बीच में जाने का काम करता रहा। दो चुनाव हारने के बाद भी जनता से दूरी नहीं बनाई। इसी जीत के लिए मैं लगातार संघर्ष करता रहा। यह जीत जनता की है।
दूसरी ओर दूसरे नंबर पर रहे मिशिर कुजूर ने कहा कि गुमला की जनता का जनादेश मुझे मंजूर है। जनता ने मुझे भरपूर सहयोग किया है। मैं चुनाव हारा हूं, लेकिन जनता का समर्थन नहीं खोया है। जनता की भावनाओं का हमेशा खयाल रखूंगा।
1 भूषण तिर्की जेएमएम - 67416
2. मिशिर कुजूर भाजपा - 59749
3. नोटा - 3266
बता दें कि झारखंड का जिला होने के साथ ही गुमला महत्वपूर्ण विधानसभा सीट भी है। 2005 में यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के भूषण तिर्की ने जीत हासिल की। 2009 के चुनाव में यहां से भाजपा ने कब्जा जमाया और उसके प्रत्याशी कमलेश ओरोन को जनता ने विधायक चुना। वर्तमान में भाजपा के शिवशंकर उरांव यहां से विधायक हैं।