Jharkhand Election 2019: प्रियंका को मनाने में लगे हैं कांग्रेसी, हरियाणा-महाराष्ट्र के नाम पर सोनिया-राहुल को मनाया
Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड चुनाव के दूसरे चरण में राहुल गांधी पहुंचे हैं और अब सोनिया के तीसरे चरण में पहुंचने की बातें की जा रही हैं। प्रियंका को मनाने में भी लगे हैं
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड के चुनाव से दूर-दूर रहे कांग्रेस के सीनियर नेताओं को पार्टी की कोर टीम ने हरियाणा और महाराष्ट्र के परिणाम को लेकर मनाने में सफलता पाई है। दरअसल, राहुल के अलावा सोनिया और प्रियंका के झारखंड आने की कोई संभावना नहीं थी। पहले चरण में हाथ-पैर पटककर कांग्रेसी हार गए लेकिन तीनों में से कोई नहीं आए। दूसरे चरण में राहुल गांधी पहुंचे हैं और अब सोनिया के तीसरे चरण में पहुंचने की बातें की जा रही हैं। प्रियंका को मनाने में भी कांग्रेसी लगे हैं।
पार्टी सूत्रों की मानें तो तीनों सीनियर नेता को महाराष्ट्र और हरियाणा के परिणाम के आधार पर बुलाने में सफलता हासिल हुई है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह को आगे किया गया। आरपीएन ने ही इन नेताओं को भरोसा दिलाया किअगर गांधी परिवार से नेताओं का आगमन चुनावी सभाओं में होता है तो झारखंड में कांग्रेस और बेहतर करेगी।
राहुल गांधी के इनकार करने के बाद सोनिया से आग्रह किया गया था, लेकिन उन्होंने इस मामले में एक बार फिर राहुल को ही आगे जाने का निर्देश दिया। बताते हैं कि चौथे चरण में उन्होंने झारखंड आने पर हामी भरी है। इस बीच, कांग्रेस उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस की पूरी रिपोर्ट सोनिया तक पहुंच रही है। कांग्रेस पहले दौर से खुश है और उसे अनुमान से कहीं बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।