Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस ने कहा, नक्सलवाद पर झूठ बाेल रहे अमित शाह
Jharkhand Assembly Election 2019. कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने कहा कि आयोग ने नक्सलवाद के आधार पर ही झारखंड में पांच चरणों में चुनाव कराया। झारखंड में 13 जिले नक्सल प्रभावित हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ताओं आलोक कुमार दुबे, राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोरनाथ शाहदेव, शमशेर आलम और जोनल को-आर्डिनेटर सुलतान अहमद व नीरज खलखो ने प्रेस कांफ्रेंस कर दावा किया कि नक्सलवाद पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झूठ बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नक्सलवाद पर गृह मंत्री का दावा कि रघुवर सरकार ने प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करा दिया है, सरासर झूठा है।
चुनाव आयोग ने उपायुक्तों एवं आरक्षी अधीक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर कहा है कि 81 में से 67 विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित हैं। इस प्रकार 13 जिले नक्सल प्रभावित हैं। नेताओं ने यह भी कहा कि पांच वर्ष में एक भी उद्योगपति झारखंड में निवेश करने नहीं पहुंचा है जिससे कहीं न कहीं विकास कार्य बाधित हुए हैं। जहां तक 70 वर्षों की बात है, कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए क्या किया, यह बात किसी से छिपी नहीं है।
भाजपा ने सिर्फ राम मंदिर के नाम पर वोट लिया : सदानंद सिंह
बिहार कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने एक बयान जारी कर कहा है कि भाजपा ने कुछ नहीं किया सिर्फ राम मंदिर के नाम वोट लिया है। सिंह ने कहा कि बीजेपी ने अयोध्या में राम मंदिर के लिये कोई पहल नहीं की। आज भी कांग्रेस देश में गंगा-जमुनी संस्कृति की पक्षधर है। वह धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सद्भाव को सर्वोच्च वरीयता देती है। उन्होंने भाजपा के झूठे प्रयास से बचने की बात की है।