Jharkhand Elections 2019: आज आएंगे ओम माथुर, CM रघुवर ने प्रत्याशियों संग बनाई रणनीति
Jharkhand Assembly Elections 2019 मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदेश कार्यालय में पहले चरण के प्रत्याशियों विधानसभा संयोजकों और जिलाध्यक्षों के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Elections 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे रांची पहुंच रहे हैं। माथुर आजसू के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम दौर तक की बातचीत के सिलसिले से पिछले कई दिनों से दिल्ली में रुके हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने की प्रत्याशियों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार देर शाम प्रदेश कार्यालय में पहले चरण के प्रत्याशियों, विधानसभा संयोजकों और जिलाध्यक्षों के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में पहले चरण की एक-एक सीट की मौजूदा स्थिति और इससे जुड़ी तैयारियों पर विमर्श किया गया। बैठक में चुनाव सह प्रभारी नंद किशोर यादव और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद थे।
भाजपा ने दूसरी सूची में महज एक प्रत्याशी की घोषणा की
भाजपा ने अपनी दूसरी सूची में सिर्फ एक लोहरदगा सीट को लेकर प्रत्याशी की घोषणा की। लोहरदगा सीट से हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए सुखदेव भगत को भाजपा ने टिकट दिया। सुखदेव भगत ने बुधवार को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया।
बिरंची के खिलाफ उठने लगी आवाज
भाजपा के बोकारो विधायक बिरंची नारायण के खिलाफ अब खुलकर भाजपा में ही स्वर उठने लगे हैं। भाजपा कार्यालय में देर शाम रोहित लाल सिंह समेत बोकारो से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिरंची के खिलाफ विरोध का स्वर बुलंद किया। स्पष्ट कहा कि बिरंची नारायण को भाजपा ने टिकट नहीं मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पार्टी कार्यालय में मौजूद मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी मुलाकात की कोशिश की लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।