Jharkhand vidhan sabha election: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का रांची दौरा 30 को
भाजपा आगामी तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पहले राज्यों के प्रभारियों को दिल्ली बुलाकर बैठक की और अब केंद्रीय नेतृत्व राज्यों के दौरे पर जा रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा आगामी तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पहले इन सभी राज्यों के प्रभारियों को दिल्ली बुलाकर पार्टी हाईकमान ने बैठक की और अब केंद्रीय नेतृत्व के राज्यों में दौरे शुरू हो गए हैं। इसके तहत भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 30 अगस्त को रांची आएंगे। तीन सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रांची आ रहे हैं। इसलिए शाह के पहले जेपी नड्डा का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जेपी नड्डा दो दिन के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह रांची में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, प्रदेश कोर कमेटी, पदाधिकारियों और सांसद-विधायकों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाएंगे। वहीं नड्डा राज्य भर के बूथ, मंडल और जिला स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी लेंगे। 23 अगस्त को विधानसभा चुनाव प्रभारी ओपी माथुर भी रांची पहुंचेंगे। माथुर तीन दिनों तक झारखंड में रहेंगे। वह विधानसभावार चुनावी तैयारी की समीक्षा करेंगे। विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत कर संगठन व तैयारी का हाल जानेंगे। झारखंड में भाजपा का लक्ष्य 65 से ज्यादा सीटें पाने का है। राज्य में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का भी झारखंड दौरा तय
झारखंड विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस हफ्ते मंगलवार को नई दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पीएम मोदी से मिलकर इस संबंध में अनुरोध किया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया। पीएम मोदी इसके अलावा साहिबगंज बंदरगाह का भी उदघाटन करेंगे। 15 सितंबर के बाद किसी भी तारीख को प्रधानमंत्री झारखंड के दौरे पर आ सकते हैं।