Jharkhand Assembly Election 2019 : जेल और बेल वाली पार्टी बता नड्डा ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा-महागठबंधन को वोट न दें
यूपीए सरकार ने धरती छोड़ा न पाताल न आसमान छोड़ा। सब जगह घोटाला ही घोटाला किया। समाज को बांटने वाली कांग्रेस एवं झामुमो भी अब लाचारी में विकास की बात कर रहे हैं।
गिरिडीह, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस एवं झामुमो गठबंधन पर जमकर निशाना साधते हुए जनता से खारिज करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि जनता की तिजोरी लूटने वाले इस चुनाव लुभावने नारे दे रहे हैं। माैका मिला तो ये लोग फिर लूटने का काम करेंगे। इसलिए क्या करेंगे, इस पर वोट न दें। ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर वोट दें।
नड्डा गुरुवार अपराह्न जमुआ विधानसभा क्षेत्र के गांधी मैदान जमुआ में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आपका हक छीना, आपकी तिजोरी लूटी वे लुभावने नारे दे रहे हैं। बड़े-बड़े नारे देने वाले आधे जेल पर हैं और आधे बेल पर हैं। यूपीए सरकार ने धरती छोड़ा, न पाताल, न आसमान छोड़ा। सब जगह घोटाला ही घोटाला किया। समाज को बांटने वाली कांग्रेस एवं झामुमो भी अब लाचारी में विकास की बात कर रहे हैं। कारण उन्हें पता चल गया कि मोदी के जमाने में विकास के सिवा कुछ नहीं चलेगा। कश्मीर में धारा 370 हटाने, तीन तलाक, सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने को भी भाजपा सरकार की पहल का देन बताया। मजबूत विदेश एवं अर्थ नीति को भी मोदी सरकार की देन बताया। 2024 तक दो करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाने की घोषणा की।
इस मौके पर कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक व जमुआ के भाजपा प्रत्याशी केदार हाजरा, विधायक व गांडेय के प्रत्याशी प्रो जयप्रकाश वर्मा, धनवार के प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह, प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा, मेयर सुनील पासवान, डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, विनय शर्मा, दिनेश यादव, यदुनंदन पाठक, सुखदेव साहू आदि ने भी संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोग मौजूद थे। नड्डा निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे विलंब से सभास्थल पर पहुंचे थे।