Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा ने दूसरे चरण में किया क्लीन स्वीप का दावा
Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कोल्हान समेत दूसरे चरण की सभी 20 सीटों को जीतने का दावा किया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Election 2019 Phase 2 Voting झारखंड में दूसरे चरण के चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही जीत के दावों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कोल्हान समेत दूसरे चरण की सभी 20 सीटों को जीतने का दावा किया है। गिलुवा ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में भी मतदाताओं का समर्थन भाजपा को मिला है और दूसरे चरण में भी रुझान भाजपा के पक्ष में है। लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने खुलकर अपनी भागीदारी निभाई है। दोनों ही चरणों में बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं ने भी मतदान किया। उनके बीच में राजनीतिक चेतना बढ़ी है।
गिलुवा ने कहा कि रघुवर सरकार ने पिछले पांच साल में स्थिर सरकार दी। 14 वर्षों से विकास अवरुद्ध था। पिछले 5 सालों में विकास ने रफ्तार पकड़ी है। राज्य में औद्योगिक निवेश हुआ। लघु एवं कुटीर उद्योगों का विकास हुआ। सरकारी व निजी क्षेत्रों में लाखों लोगों को रोजगार मिला। कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार आया। इससे लोगों का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह साफ होते जा रहा है कि झारखंड में भाजपा दूसरी पारी खेलने जा रही है।