Jharkhand Assembly Election 2019: पलामू में जेपी नड्डा बोले, नीयत साफ तो नीति अच्छी
नड्डा के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद रहे। इस क्रम में पलामू में हजारों भाजपा बूथ सदस्यों को चुनाव जीतने की बारीकियों से अवगत कराया गया।
पलामू/चतरा, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को चतरा पहुंचे और इसके बाद चतरा गए। यहां उन्होंने बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी तैयारियों को परखा। नड्डा के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी रहे। इस क्रम में पलामू में हजारों भाजपा बूथ सदस्यों को चुनाव जीतने की बारीकियों से अवगत कराया गया। जेपी नड्डा दोपहर तीन बजे चतरा के इटखोरी पहुंचे। यहां उन्होंने मां भद्रकाली प्रांगण में कार्यक्रम में शिरकत किया।
नीयत साफ हो तो नीति अच्छी बनती है : जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नीयत साफ हो तो नीति अच्छी बनती है। भाजपा में नेता, नीति, नीयत, कार्यकर्ता और वातावरण सब साथ है। इसलिए भाजपा आज केंद्र और राज्य में सत्ता में है। इसे कायम रखना है। अब झारखंड के जंगल नहीं कटेंगे। उज्जवला योजना इससे आगे की कहानी बताती है। जेपी नड्डा ने उज्ज्वला दीदी का आहवान किया कि वह गांव-गांव जाएं और बताएं की गैस सिलेंडर और चूल्हा के क्या फायदे हैं। जंगलों की रक्षा इससे कैसे होगी। उन्होंने कहा कि पलामू व गढ़वा जिला में सिंचाई की व्यापक व्यवस्था कराई जाएगी स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड काफी आगे बढ़ा है।
मेदनीनगर में उज्जवला दीदी सम्मेलन का उद्घाटन करते सुबह के मुख्यमंत्री रघुवर दास।
उज्जवला दीदी सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सपना को झारखंड सरकार पूरा कर रही है। राज्य में 2 लाख 17 हजार से ज्यादा सखी मंडल बनाया गया है। आदिवासी लोगों को अंडा व्यवसाय के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अब झारखंड के सभी जिलों के स्कूल डायरेक्ट अंडा खरीद पाएंगे। पलामू , गढ़वा और लातेहार में अब सुखाड़ नहीं होगा। सिंचाई के लिए सरकार सभी जिलों में नहर बनाएगी। आने वाले दो साल में पलामू प्रमंडल से सुखाड़ को दूर कर दिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि स्थानीय नीति के तहत थर्ड ग्रेड और फोर्थ ग्रेड की नौकरी सिर्फ झारखंड के नौजवानों को दी जाएगी। केंद्र की मोदी सरकार बिना भेदभाव के गरीब और अमीर सभी लोगों को तमाम सुविधाएं प्रदान कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की शक्ति होते हैं। भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता है कि एक आम कार्यकर्ता भी शिखर पर पहुंच सकता है। जरूरत है आम जनता से जुड़कर कार्य करने की। कार्यकर्ताओं ने चाहा तो अबकी बार 65 पार से भी ज्यादा 80 सीट तक हम जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड से वंशवाद मिटाना है।
इटखोरी में भद्रकाली मंदिर में की पूजा, कार्यकर्ताओं से किया संवाद
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार दोपहर बाद इटखोरी पहुंचे। हेलीपैड से सीधे मां भद्रकाली मंदिर के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना किया। मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश चुनाव प्रभारी ओपी माथुर, सह प्रभारी नंदकिशोर यादव भी साथ हैं। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ विजय संकल्प संवाद में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद नड्डा रांची के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Assembly Election 2019: लोहरदगा में जेपी नड्डा ने परखी चुनावी तैयारी, CM रघुवर बोले-अबकी बार 80 पार