Jharkhand Assembly Election 2019: नड्डा की हुंकार के साथ ही चुनावी रण में कूदी भाजपा
दो दिवसीय झारखंड प्रवास पर पहुंचे नड्डा ने बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर चुनावी रणनीति पर आक्रामक तरीके से आगे बढ़कर अमल करने को कहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की हुंकार के साथ ही भाजपा विधानसभा चुनाव के रण में विधिवत कूद गई है। दो दिवसीय झारखंड प्रवास पर झारखंड पहुंचे नड्डा ने शुक्रवार को लोहरदगा में दक्षिणी छोटानागपुर के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन मेंं विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के 65 प्लस के लक्ष्य को साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को उनकी भूमिका का एहसास कराया। वहीं, गुमला में जनजातीय समुदाय से सीधा संवाद कर उनसे पार्टी के जुड़ाव को स्पष्ट किया। शनिवार को पलामू में उज्ज्वला दीदी के सम्मेलन में केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।
स्पष्ट है चुनावी मोड में एक माह पूर्व ही आ चुकी भाजपा अब जमीन स्तर पर एक्शन मोड में आ चुकी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी लोहरदगा के सम्मेलन में साफ ऐलान किया कि हम राजनीति के युद्ध में कूद चुके हैं। जेपी नड्डा का एक माह में यह दूसरा झारखंड दौरा है। पिछले दौरे में उन्होंने अपने को पार्टी मुख्यालय तक सीमित रखते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को टास्क सौंपे थे।
वहीं, इस बार बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से सीधे मुखातिब हो उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। नड्डा ने लोहरदगा में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा व लातेहार के 95 मंडलों में पडऩे वाले 1035 शक्ति केंद्रों व 5100 बूथों के अध्यक्षों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें अबकी बार 65 प्लस का संकल्प याद दिलाया।
370 और तीन तलाक को लेकर विपक्ष के रुख पर साधेंगे निशाना, प्रत्यक्ष में विकास होगा चुनावी एजेंडा
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं के समक्ष पार्टी के चुनावी एजेंडे को स्पष्ट किया। उन्होंने संबोधन के क्रम में विशेषतौर पर अनुच्छेद 370 और तीन तलाक की चर्चा की, इसे लेकर विपक्षी दलों के रुख पर तंज भी कसे। जाहिर है चुनाव में भाजपा इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों पर हमलावर होगी। वहीं, प्रत्यक्ष में भाजपा का चुनावी एजेंडा विकास होगा। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का टास्क सौंपा गया है।