Jharkhand Assembly Election 2019: 7 सितंबर को PK संग रांची आएंगे नीतीश, JDU बनाएगा जीत की रणनीति
झारखंड में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सात सितंबर को रांची में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सात सितंबर को रांची आएंगे। वे डिबडीह स्थित कार्निवल हॉल में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह सम्मेलन पूर्व में 25 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन के कारण नीतीश ने इसे स्थगित कर दिया था।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा कि नीतीश कुमार राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में विधानसभा चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश देंगे तथा चुनावी रणनीति की घोषणा करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ राज्यसभा सदस्य रामचंद्र प्रसाद सिंह, लोकसभा सदस्य राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर, बिहार के समाज कल्याण मंत्री व झारखंड प्रभारी रामसेवक सिंह, सह प्रभारी अरुण कुमार आदि भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे।