Jharkhand Election 2019: सरयू राय कर रहे भाजपा नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी
Jharkhand Assembly Election 2019 प्रतुल शाहदेव ने सरयू राय की टिप्पणी पर गहरी आपत्ति प्रकट की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ-साथ अन्य भाजपा नेताओं और महिला आयोग की अध्यक्ष को लेकर की गई सरयू राय की टिप्पणी को भाजपा ने आपत्तिजनक बताया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राय की टिप्पणी पर गहरी आपत्ति प्रकट की। कहा, भाजपा भी सरयू राय के अमर्यादित शब्दों का वैसी ही भाषा में जवाब दे सकती है लेकिन ऐसी भाषा का प्रयोग पार्टी के संस्कार में नही है।
प्रतुल ने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के पक्ष में प्रचार करने की सरयू राय की घोषणा की भी चुटकी ली है। कहा, अब तो यह स्पष्ट हो गया है कि झामुमो ने गठबंधन तोड़ते हुए कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है। आज पूर्व मंत्री सरयू राय के वक्तव्य से स्पष्ट हो गया है कि झामुमो ने जमशेदपुर पूर्वी से अपने गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस का साथ न देकर सरयू राय का समर्थन किया है। प्रतुल ने कहा, महागठबंधन की असलियत जनता के सामने है। इसके सभी घटक दल एक दूसरे को खंजर घोपने में लगे हैं। घटक दल अपने फायदे अनुसार अपने सहयोगियों को ही धोखा दे रहे हैं। ऐसे धोखेबाजों के गठबंधन को जनता कभी स्वीकार नहीं करती।