Jharkhand Election 2019: रघुवर सरकार के खिलाफ खुलकर बोले सुदेश, बड़े-बड़े दावे जनता के साथ मजाक
Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा द्वारा चुनाव में राम मंदिर को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को भुनाने के सवाल पर कहा कि सभी दलों का अपना-अपना एजेंडा होता है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ रही आजसू पार्टी के मुखिया सुदेश महतो ने पहली बार सरकार के विरोध में खुलकर बोला है। रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में जो नक्सली घटनाएं हुई हैं वह सरकार के बड़े-बड़े दावे का जवाब है। उन्होंने राज्य में नक्सलियों के खात्मे को लेकर सरकार के वादे के सवाल पर कहा कि समय-समय पर बड़े-बड़े दावे होते रहे हैं। दूसरी तरफ, नक्सली घटनाएं भी घटती रही हैं।
सुदेश ने नाम लिए बिना मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी पहली बार निशाने पर लिया। राज्य के सभी घरों में बिजली पहुंचाने के मुख्यमंत्री के वादे के सवाल पर कहा कि राज्य के मुखिया कोई कमिटमेंट करते हैं तो लोग उसे भरोसा के रूप में लेते हैं। उनको जवाब देना चाहिए कि ये वादे वे किस रूप में देते हैं। वादे पूरे भी हुए या जनता के साथ मजाक था। भाजपा द्वारा चुनाव में राम मंदिर को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को भुनाने के सवाल पर कहा कि सभी दलों का अपना-अपना एजेंडा होता है। हम झारखंड के स्वाभिमान, यहां के लोगों की आवाज, गांव की सरकार के नाम पर वोट मांग रहे हैं।