श्री नयना देवीजी विधानसभा क्षेत्र हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 49 नंबर सीट है। यह हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में आती है। यह जिला बिलासपुर की चार विधानसभा सीटों में से एक है। इस विधानसभा सीट पर पहले कोट कहलूर के नाम से चुनाव लड़े जाते थे और बाद में इस विधानसभा क्षेत्र का नाम नयना देवी कर दिया गया। नयनादेवी से राज्य की राजधानी 140 किलोमीटर दूर है। इस विधानसभा क्षेत्र का नाम उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां नयनादेवी के नाम से रखा गया है। यहां मां नयना देवी का भव्य मंदिर है। हिमाचल राज्य बनने के बाद वर्ष 1972 में यहां पहली बार विधानसभा चुनाव हुए। विधानसभा चुनाव में इस सीट पर पहले विधायक कुलदीप सिंह बने। उन्होंने आजाद प्रत्याशी दौलत राम को 695 मतों से हराकर विधानसभा में कदम रखे थे। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं।