सोलन विधानसभा क्षेत्र हिमाचल में 53 नंबर अनुसूचित जाति आरक्षित विधानसभा सीट है। यह विधानसभा सीट सोलन जिला के अंतर्गत आती है और यह क्षेत्र शिमला लोकसभा क्षेत्र में है। यह जिले की 5 विधानसभा सीटों में से एक है। सोलन से राज्य की राजधानी शिमला 55 किलोमीटर दूर है। सोलन, जिला का प्रशासनिक मुख्यालय है। सोलन गिरि नदी के निकट स्थित है। प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी का सोलन से नाता रहा है। सोलन शहर के शिल्ली मार्ग पर उनका आवास है, जो उनके पिता ने उन्हें जन्मदिवस पर उपहार के रूप में दिया था। विश्व प्रसिद्ध यूनेस्को विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे मार्ग सोलन से होकर गुजरता है। हिमाचल की स्थापना से पूर्व यह क्षेत्र पंजाब का हिस्सा हुआ करता था। वर्ष 1971 में यह निर्वाचन क्षेत्र बना। हिमाचल राज्य बनने के बाद वर्ष 1972 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस की उम्मीदवार द्रौपदी देवी को हराकर आजाद उम्मीदवार कृष्ण दत्त विजयी हुए थे। हिमाचल राज्य में विधानसभा की 68 सीटें हैं।