कसौली विधानसभा क्षेत्र हिमाचल में 54 नंबर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। कसौली विधानसभा क्षेत्र सोलन जिला और शिमला लोकसभा क्षेत्र में है। सोलन जिला की पांच विधानसभा सीटों में से कसौली विस क्षेत्र भी एक है। कसौली से प्रदेश की राजधानी शिमला 85 किलोमीटर दूर है। कसौली विस क्षेत्र में प्रदेश का सबसे पुराना औद्योगिक नगर परवाणू भी आता है। कसौली में एयर फोर्स स्टेशन, सेना क्षेत्र भी शामिल है। कसौली विस क्षेत्र के अंतर्गत ही कसौली, डगशाई व सुबाथू तीन छावनी क्षेत्र आते हैं। कसौली में गंभर नदी व कौशल्या नदी बहती हैं। प्रसिद्ध लेखक खुशवंत सिंह, मिल्खा सिह, बीके नेहरू, राहुल बोस, अजीत पाल सिंह आदि कई बड़ी हस्तियों के कसौली में घर हैं। विश्व प्रसिद्ध यूनेस्को विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे मार्ग कसौली विस क्षेत्र से ही शुरू होता है। हिमाचल के गठन से पहले यह क्षेत्र पंजाब का हिस्सा था। हिमाचल प्रदेश के गठन के बाद वर्ष 1972 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार लाल चंद प्रार्थी विधायक बने थे। हिमाचल में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं।