Move to Jagran APP

देवभूमि पर जंग: शाह-योगी ने विकास के मुद्दे पर राहुल गांधी को कुछ यूं दिया जवाब

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को विकास के मुद्दे पर सवाल पूछने का अधिकार नहीं है।

By Lalit RaiEdited By: Published: Tue, 31 Oct 2017 04:20 PM (IST)Updated: Tue, 31 Oct 2017 04:41 PM (IST)
देवभूमि पर जंग: शाह-योगी ने विकास के मुद्दे पर राहुल गांधी को कुछ यूं दिया जवाब
देवभूमि पर जंग: शाह-योगी ने विकास के मुद्दे पर राहुल गांधी को कुछ यूं दिया जवाब

नई दिल्ली[ स्पेशल डेस्क]। देवभूमि यानि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में महज 10 दिन बचे हैं। लेकिन देवभूमि की फिजां में राजनीतिक बयानों ने प्रदेश के पारे को चढ़ा दिया है। कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे के ऊपर बयानों के तीर चला रहे हैं। एक तरफ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात की धरती पर भाजपा से सवाल पूछते हैं कि विकास का दावा करने वाले पीएम मोदी ये तो बताएं कि विकास किसका हुआ है। कुछ उसी अंदाज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल की धरती से हुंकार भरी और कहा कि विकास पर सवाल पूछने वाले राहुल गांधी ये तो बताएं कि वो अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में कलेक्टर का दफ्तर क्यों नहीं खुलवा पाए। इसके साथ ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी तो अपशगुनी है, जहां वो जाते हैं विकास कार्य रुक जाता है। भाजपा के कद्दावर नेताओं ने बयानों के जरिए मतदाताओं को बताने की कोशिश की कि कांग्रेस कभी विकास का पर्याय रही ही नहीं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के इस बयान के पीछे की कहानी समझने से पहले ये जानना जरूरी है कि देवभूमि में उन्होंने और क्या कुछ कहा। 

loksabha election banner

देवभूमि पर 'अमेठी' के जरिए राहुल पर निशाना
चंबा जिले के बनीखेत व कांगड़ा जिले के चलवाड़ा में जनसभाओं के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर खूब तंज कसे। उन्होंने कहा कि गुजरात का हिसाब मांगने वाले राहुल बाबा अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में कलेक्टर का कार्यालय तक नहीं खुलवा पाए। इससे बड़ा दुर्भाग्य देश के लिए क्या हो सकता है कि जहां से राहुल के परिवार की तीन पीढ़ियां राजनीति में हों वहां इतने साल में कलेक्टर का कार्यालय तक नहीं खुला। अमेठी में अस्पताल व सीएचसी तक नहीं हैं तो ऐसे में क्या हिसाब राहुल बाबा पीएम मोदी से मांग रहे हैं? राहुल को पहले अमेठी के विकास का हिसाब देना चाहिए। मोदी सरकार पर राहुल गांधी द्वारा किए भ्रामक प्रचार के कारण ही केंद्र में भाजपा सत्ता में आई थी। हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए कार्यकर्ताओं को बीजमंत्र देते हुए कहा कि जीत केवल विधायक या मंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश को मॉडल राज्य बनाने के लिए होगी। विकास के लिए परिवर्तन जरूरी है।

'भ्रष्टाचार के सागर में डूबा है वीरभद्र परिवार'
अमित शाह ने हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा व पूरे परिवार को आकंठ भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रदेश अपराध के मामले में नंबर एक पर पहुंच गया। मोदी सरकार ने तीन वर्ष में 106 योजनाएं बनाईं, लेकिन वीरभद्र की वजह से उनका लाभ हिमाचल की जनता को नहीं मिला। शाह ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए यूपीए सरकार की तुलना में 44,235 करोड़ के बजाय एक लाख 15 हजार 846 करोड़ रुपये दिए। कांग्रेस सरकार बताए कि पैसा कहां खर्च किया गया। हिमाचल प्रदेश में पांच वर्ष में कांग्रेस शासन के दौरान मातृ शक्ति सुरक्षित नहीं रही।वन, भू और तबादला माफिया का बोलबाला रहा। शाह ने कहा कि मोदी सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में एक भी घोटाला नहीं हुआ है जबकि कांग्रेस सरकार के शासनकाल में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए। कांग्रेस ने अंतरिक्ष से लेकर आकाश, धरती, समंदर व पाताल तक घोटालों का रिकॉर्ड बनाया, जबकि मोदी सरकार ने देश का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाया है।

'अपशगुनी हैं राहुल गांधी'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राहुल गांधी देश व कांग्रेस के लिए अपशगुन बन चुके हैं। राहुल गांधी देश के जिस कोने में कांग्रेस का प्रचार करने जाते हैं वहां पार्टी चुनावी दौड़ में पस्त हो जाती है। योगी आदित्यनाथ सोमवार को ढलियारा में जसवां परागपुर,देहरा व नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस महात्मा गांधी, सरदार पटेल व लाल बहादुर शास्त्री जैसे नेताओं की नहीं, बल्कि इटली की माफिया संस्कृति से सुसज्जित सोनिया गांधी की अमानत बन कर रह गई है। देश को जाति, मजहब व भ्रष्टाचार के तराजू में तोलने वाली इस डुप्लीकेट कांग्रेस को अब दफन करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है। मां पार्वती का मायका एवं उनके गुरु महाराज का तपस्या स्थान है। गुरु गोरखनाथ ज्वालामुखी से गोरखपुर गए थे। उनके संप्रदाय का प्रमुख स्थल ज्वालामुखी गोरख डिब्बी है, लेकिन राज्य सरकार ने गलत कार्यो से देवभूमि हिमाचल को भ्रष्ट करके रख दिया है।

'माफियाओं का विकास करती है कांग्रेस'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के विकास के लिए तीन साल में 40 हजार करोड़ रुपये दिए, लेकिन राज्य सरकार विकास कराने में नाकाम रही है। योगी ने कहा कि वीरभद्र सिंह का अर्की हलके से हारना तय है। देवभूमि हिमाचल को माफिया भूमि बनाने में कांग्रेस का हाथ रहा है और माफिया शब्द इटली से आया है। उधर नालागढ़ में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां वन, शराब और खनन माफिया पूरी तरह से सक्रिय है। जिस राज्य में कांग्रेस गई है, माफिया भी साथ ही पहुंचा है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस ने माफिया और अपने नेताओं का ही विकास करवाया है।

विधानसभा के चुनाव भले ही हिमाचल प्रदेश और गुजरात में हो रहे हों। इसकी गूंज देश के दूसरे हिस्सों में भी है। कांग्रेस जहां एक तरफ गुजरात में भाजपा के शासन का अंत कर सत्ता हासिल करने की पुरजोर कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा के सामने गुजरात में अपनी सत्ता को बचाए रखने की चुनौती है। इसके साथ ही हिमाचल के चुनाव में कांग्रेस किसी भी तरह से अपनी ताकत को दोबारा देवभूमि पर कायम रखना चाहती है। लेकिन भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घिरी कांग्रेस विकास के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है। हालांकि इसके जवाब में राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी का हवाला देकर भाजपा लोगों से पूछ रही है कि जो लोग सरकार में रहते हुए अपने लोगों का ख्याल नहीं रख सके वो हिमाचल प्रदेश में विकास की धारा कैसे बहाएंगे।

यह भी पढ़ें: देवभूमि पर जंग आजादी के बाद पहली बार चुनावी रैली में यहां पहुंचेंगे प्रधानमंत्री


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.