कांग्रेस का निशाना : संकल्पपत्र में झूठ परोसने के अलावा कुछ नया नहीं
BJP sankalp patra कांग्रेस ने निशाना साधा है कि भाजपा के संकल्पपत्र में झूठ को परोसने के अलावा कुछ नहीं है।
शिमला, जेएनएन। भाजपा के संकल्पपत्र में झूठ को परोसने के अलावा कुछ नहीं है। पांच साल तक जनता को ठगने के बाद और ठगने की तैयारी है। ये बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने शिमला में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान कही। पीएम मोदी झूठ के अवतार है जिन्होंने सेब पर निर्यात शुल्क बढ़ाने का वायदा किया था जो पूरा नही हुआ। घाटे में चल रहे कर्ज में डूबी हुई जयराम सरकार अपने मंत्रियों के लिए महंगी गाडिय़ां खरीद कर आर्थिक दिवालियेपन की तरफ़ धकेल रही है।
सेब राज्य की बेहतरी को विश्व बैंक से 1134 करोड़ का बागवानी प्रोजेक्ट मंजूर करवाया, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। इसके तहत बागवानों के उत्पादन को आधुनिक तकनीक के जरिये बढ़ाया जाना था। साथ ही बागवानी के विकास पर खर्च होना था। इससे साफ ज़ाहिर होता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार बागवानी विरोधी है।
बेहतर होता, पहले केंद्र सरकार पिछले संकल्प पत्र के बारे में देश की जनता को स्पष्टीकरण देती। फिऱ से राम मंदिर का राग अलापा गया है। जेएंडके में धारा 370 पिछले घोषणापत्र में भी चुनावी वादा था। अब भी है। किसानों की आय को दुगना करने का चुनावी वादा इस मर्तबा भी किया गया। आतंकवाद व नक्सलवाद पर फिर से पुराना राग अलापा गया है। बेरोजगारी व भ्रष्टाचार को दूर करने का वादा किया था लेकिन ये कम होने के बजाय बढ़ा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं।