वीरभद्र बोले, मैं सबसे बड़ा धुरंधर, करूंगा बराबर प्रचार
Virbhadra campaign in Parliamentary poll वीरभद्र सिंह बीच में बोल पड़े मैं सबसे बड़ा धुरंधर हूं। कहा चारों सीटों के लिए प्रचार में उतरूंगा।
हमीरपुर, जेएनएन। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के कांग्रेस सम्मेलन में पार्टी के दिग्गजों ने हुंकार भरी। इसके बाद पत्रकार वार्ता के दौरान कुलदीप सिंह राठौर ने कहा हमारे बड़े-बड़े धुरंधर हैं, जो प्रचार करेंगे। इस पर वीरभद्र सिंह बीच में बोल पड़े, मैं सबसे बड़ा धुरंधर हूं। कहा, चारों सीटों के लिए प्रचार में उतरूंगा। कांग्रेस का मंत्र हैं अनेकता में एकता। कांग्रेस चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। कार्यकर्ता दृढ़ निश्चय लेकर कार्य करेंगे तो कांग्रेस आरएसएस व भाजपा के चंगुल से देश को बाहर निकालने में सफलता हासिल करेगी।
सम्मेलन में वीरभद्र सिंह समेत प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पार्टी प्रत्याशी रामलाल ठाकुर सहित अधिकतर नेता मौजूद रहे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ पर बैठेगा तो जीत सुनिश्चित है। 25 साल में अनुराग ठाकुर जनता से हेलो, हॉय ओके बाय तक सीमित रहे हैं। रामलाल ठाकुर को संसद में पहुंचाना ही कांग्रेस का लक्ष्य है।
पार्टी प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने कहा मोदी व अमित शाह ने देश को धर्म के नाम पर बांटने का कार्य किया है। देश व प्रदेश का विकास कांग्रेस की ही देन है। राम लाल ठाकुर ने प्रदेश के विकास व बिजली पहुंचाने का श्रेय वीरभद्र सिंह को दिया। रामलाल ठाकुर ने अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुराग जनता को बताएं कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआइ अध्यक्ष पद से क्यों हटाया था। उन्हें कोर्ट में किस बात के लिए माफी मांगी थी? अनुराग ठाकुर सांसद निधि क्यों नहीं खर्च नहीं कर पाए? इस संबंध में उन्हें बताना होगा।