केरल और कर्नाटक की तरह हरियाणा में भी युवक कांग्रेस ने मांगा टिकट, राहुल को लिखा पत्र
केरल और कर्नाटक की तर्ज पर हरियाणा में भी युवक कांग्रेस ने पार्टी नेतृत्व से अपने लिए एक लोकसभा सीट मांगी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। केरल और कर्नाटक की तर्ज पर हरियाणा में भी युवक कांग्रेस ने पार्टी नेतृत्व से अपने लिए एक लोकसभा सीट मांगी है। इसके लिए युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद्र ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा है। कांग्रेस की न्यूनतम आय योजना (न्याय) और रोजगार के वादे को लेकर देश की डेढ़ सौ लोकसभा सीटों पर प्रचार करने में जुटी युवक कांग्रेस ने करनाल लोकसभा सीट पर दावेदारी ठोकी है।
कर्नाटक में दक्षिण कन्नड सीट से मिथुन राय, केरल की इदुक्की लोकसभा सीट से डीन कुरियाकोसे तथा केरल से ही रमैया हरिदास के कांग्रेस के टिकट घोषित हो चुके हैं। यह तीनों नेता युवक कांग्रेस की राजनीति करते हैं तथा टीम राहुल का हिस्सा हैं। केशव चंद्र ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर हरियाणा में एक टिकट की मांग की है।
रोहतक और हिसार के बाद करनाल लोकसभा सीट सबसे हॉट है। यहां से मुख्यमंत्री मनोहर लाल विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू का नाम करनाल से लोकसभा टिकट दिए जाने के लिए प्रस्तावित कर भेजा गया है। सचिन कुंडू छात्र राजनीति करते हुए युवक कांग्रेस के करनाल संसदीय क्षेत्र के निर्वाचित अध्यक्ष भी रहे हैं। फिलहाल सचिन ने पार्टी के चुुनाव घोषणा पत्र को लोगों के बीच लेकर जाने की मुहिम शुरू कर रखी है।
करनाल से हमेशा बाहरी उम्मीदवार जीतते आए हैं। पानीपत के पंडित माधोराम पहले स्थानीय सांसद थे। करनाल में करीब साढ़े तीन लाख जाट और जट सिख मतदाता हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू भी जाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं तथा लोकल होने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा की टीम के सिपहसालार हैं। राहुल दरबार में उनकी अच्छी पकड़ है।
राहुल गांधी को भेजे युकां के पत्र में कहा गया है कि स्व. देवीलाल ने एक बार महेंद्र सिंह लाठर को जनता पार्टी का टिकट दिया था और वे जीत गए थे। उससे पहले या बाद में किसी दल ने जाट उम्मीदवार पर दांव नहीं खेला है। यदि राजनीतिक दलों ने ब्राह्मण व पंजाबी को टिकट दिए तो वे भी जीत गए। ऐसे में जाटों पर फिर से दांव खेला जाना चाहिए। करनाल लोकसभा सीट के दायरे में वीरेंद्र सिंह राठौर और पंकज पुनिया भी आते हैं। पंकज पुनिया अशोक तंवर खेमे के हैं, जबकि वीरेंद्र सिंह राठौर बिहार के प्रभारी हैं।