Haryana Assembly Election 2019 : बागी तेवर दिखाने वालों पर भाजपा सख्त, छह को छह साल के लिए किया निष्कासित
भाजपा ने बागी तेवर दिखाने वाले नेता को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। विधायक दिनेश कौशिक समेत छह भाजपा से छह साल के लिए बाहर कर दिया है।
पानीपत, जेएनएन। विधानसभा चुनाव होने में अब नौ दिन ही शेष हैं। टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत करने वालों से पार्टी को नुकसान न पहुंचे इसके लिए भाजपा ने शुक्रवार को अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पुंडरी विधायक दिनेश कौशिक, रणधीर गोलन, गुहला से देवेंद्र हंस और पटौदी से नरेंद्र पहाड़ी समेत छह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। दिनेश कौशिक और रणधीर दोनों पुंडरी से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं गुरुग्राम में पटौदी विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने से नरेंद्र पहाड़ी नाराज थे और वे भी मैदान में निर्दलीय डट गए। भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने इन पर भी कार्रवाई करते हुए दल से बाहर का रास्ता दिखा दिया। दूसरी ओर सिरसा जिले के कालांवाली विधानसभा क्षेत्र से राजेंद्र देसूजोधा और सिरसा विस क्षेत्र से गोकुल सेतिया को पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने पर छह साल के लिए निकाल दिया गया है।
पुंडरी: इनेलो का निर्दलीय को समर्थन
पूंडरी विधानसभा में इनेलो के प्रत्याशी एडवोकेट ज्ञान सिंह गुर्जर ने निर्दलीय प्रत्याशी रणधीर सिंह को समर्थन कर सबको चौंका दिया। ज्ञान सिंह ने बताया कि अभय चौटाला के निर्देश पर ही उन्होंने रणधीर को समर्थन दिया है।
जीत का मनोहर फॉर्मूला
मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल विधानसभा सीट से भारी मतों से जीत के प्रति आश्वस्त हैं। प्रदेश में चुनाव प्रचार की कमान थामे सीएम शुक्रवार को करनाल में थे। उन्होंने लोगों के सामने गणित के फॉमरूले के जरिए अपनी जीत का आंकड़ा पेश किया। उन्होंने कहा कि ए स्क्वायर प्लस बी स्क्वायर प्लस एबी = जीत का मार्जिन करीब सवा लाख।
ए स्क्वायर का मतलब पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे आजाद प्रत्याशी जयप्रकाश गुप्ता को मिले वोट। अब ये भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
बी स्क्वायर यानी वर्ष 2014 के चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे इनेलो प्रत्याशी मनोज वधवा को मिले वोट। मनोज वधवा भी भाजपा के सिपाही बन चुके हैं।
एबी का अर्थ हाल-फिलहाल में भाजपा में शामिल हुए दूसरे दलों के नेता से है।
मैंने किसी का साथ नहीं छोड़ा: अभय
सिरसा में अभय चौटाला ने पार्टी छोड़ने वालों प्रहार किया। उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि मैंने किसी का साथ नहीं छोड़ा। हां, कुछ लोग उनका साथ जरूर छोड़कर चले गए।