दिल्ली से सटे गुरुग्राम में मिले 34 लाख के नकली नोट, क्या चुनाव में बांटे जाने थे?
अधिकतर नोटों की गड्डियां थीं। कुछ नोट खुले रूप से सीट पर रखे हुए थे। जांच की गई तो पता चला कि सभी नकली हैं। 1684 नोट दो हजार रुपये के हैं जबकि 189 नोट 500 रुपये के हैं।
गुरुग्राम, जेएनएन। सिविल लाइंस इलाके में बृहस्पतिवार रात एक होंडा सिटी कार से लगभग 34 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। कार चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। उसकी पहचान बादशाहपुर निवासी हर्ष के रूप में की गई। उसे शुक्रवार दोपहर अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड पर लिया गया है।
बृहस्पतिवार रात सिविल लाइंस थाना पुलिस एवं चुनाव में पैसों के लेन-देन के ऊपर ध्यान रखने के लिए गठित स्टैटिक सर्विलांस टीम सिविल लाइंस रोड पर चर्च के सामने नाके लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान एक होंडा सिटी कार की भी जांच की गई तो उसमें से नकली नोट बरामद किए गए। अधिकतर नोटों की गड्डियां थीं। कुछ नोट खुले रूप से सीट पर रखे हुए थे। जांच की गई तो पता चला कि सभी नकली हैं। 1684 नोट दो हजार रुपये के हैं, जबकि 189 नोट 500 रुपये के हैं।
थाना प्रभारी योगवेंद्र सिंह ढिल्लो ने बताया कि चुनाव को देखते हुए जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार रात कई वाहनों की जांच की गई। उसी दौरान एक होंडा सिटी कार से नकली नोट बरामद किए गए। मामला चुनाव से जुड़ा नहीं दिख रहा है क्योंकि नकली नाेट क्यों बांटे जाएंगे। आरोपित को रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में पता चलेगा कि वह कहां से नोट लेकर आ रहा था और कहां नोट पहुंचाने जा रहा था। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। बता दें कि कई महीने भी सदर थाना इलाके से लाखों रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक