Haryana Assembly Election 2019: भाई-भतीजे के खिलाफ वोट मांगेंगे मोदी सरकार में मंंत्री राव इंद्रजीत सिंह
कोसली विधानसभा में भी मुकाबला रोचक होना है। भाजपा ने राव इंद्रजीत सिंह की इस पारिवारिक सीट पर उनकी पंसद के उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह को मैदान में उतारा है।
रेवाड़ी [महेश कुमार वैद्य]। Haryana Assembly Election 2019: हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन है, लेकिन अधिकांश विधानसभा सीटों पर पहलवान मैदान में उतर चुके हैं। कुछ सीटों पर मुकाबला बेहद रोचक होने की संभावना है। कहीं पर जहां ताऊ अपने भतीजे के खिलाफ वोट मांगते नजर आएंगे तो कहीं बड़ा भाई छोटे भाई को हराने की अपील करता नजर आएगा।
यह है अटेली का रोचक गणित
महेंद्रगढ़ जिले की अटेली विधानसभा सीट पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की संस्तुति पर सीताराम को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस से यहां राव इंद्रजीत सिंह के भतीजे अर्जुन सिंह मैदान में हैं। अर्जुन सिंह पूर्व सीएम स्व. राव बिरेंद्र सिंह के पौत्र व राव इंद्रजीत सिंह के छोटे भाई राव अजीत सिंह के बेटे हैं। कड़े मुकाबले में उन्होंने टिकट की बाजी जीती है। वीरवार को राव इंद्रजीत सिंह सीताराम के समर्थन में नारनौल में सभा करके आए हैं। देखना यह है कि ताऊ अपने युवा भतीजे को नुकसान पहुंचा पाते हैं या नहीं।
कोसली में होगा रोचक मुकाबला
कोसली विधानसभा में भी मुकाबला रोचक होना है। भाजपा ने राव इंद्रजीत सिंह की इस पारिवारिक सीट पर उनकी पंसद के उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह को मैदान में उतारा है। लक्ष्मण के सामने कांग्रेस ने राव इंद्रजीत सिंह के उन्हीं छोटे भाई यादुवेंद्र सिंह को टिकट दिया है, जो पहले यहां से विधायक रह चुके हैं। पिछली बार भी राव इंद्रजीत सिंह ने यहां पर अपने छोटे भाई के खिलाफ अपने समर्थक बिक्रम सिंह यादव के लिए वोट मांगे थे। लक्ष्मण को चुनाव में जीत दिलवाना राव के लिए इसलिए जरूरी है, क्योंकि काफी जद्दोजहद के बाद उन्हें दूसरी सूची में टिकट मिली है।
मैदान में है दिग्गज रावों की तीसरी पीढ़ी
रेवाड़ी का मैदान भी रोचक हो गया है। यहां वरिष्ठ राजनीतिज्ञ स्व. राव अभय सिंह के पौत्र और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय सिंह यादव के बेटे चिरंजीव राव कांग्रेस की टिकट पर मैदान में उतरे हैं। राव इंद्रजीत सिंह ने चिरंजीव के सामने अपने खास सिपहसालार सुनील यादव मुसेपुर को मैदान में उतारा है। बहरहाल अटेली में जहां स्व. राव बिरेंद्र सिंह की तीसरी पीढ़ी से अजरुन मैदान में हैं, वहीं रेवाड़ी से राव अभय सिंह की तीसरी पीढ़ी से चिरंजीव राव मैदान में हैं। संयोग से दोनों कांग्रेस से है। दोनों पहली बार चुनाव मैदान में हैं।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक