अब प्रदेश में बदलाव का वक्त आ गया है : सैलजा Faridabad News
फरीदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
फरीदाबाद, जेएनएन। फरीदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर बुजुर्गों की पेंशन 5000 रुपये की जाएगी। वहीं नए मोटर व्हीकल अधिनियम लागू करने के लिए मनोहर सरकार की आलोचना की। बता दें कि नए कानून के बाद से हरियाणा हमेशा सुर्खियों में हैं। आए दिन वहां की फाइन की खबरें मीडिया में छायी रहती हैं।
बढ़ रही बेरोजगारी
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मंदी की मार व्यापारी झेल रहे हैं। इसके साथ ही बेरोजगारी भी बढ़ी है। मनोहर सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल में कुछ नहीं किया।
प्रदेश में आ गया है बदलाव का वक्त
इसी कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि अब प्रदेश में बदलाव का वक्त आ गया है। प्रदेश की जनता में रोष है। सूबे की जनता सरकार के पांच साल का ब्यौरा मांग रही है। शहर में हर तरफ गंदगी है। सड़कें टूटी हैं। पानी गंदा आ रहा है। सीवर बदहाल है फिर कैसी स्मार्ट सिटी है।
यहां के लोगों में कांग्रेस के प्रति सम्मान
फरीदाबाद नेहरू की नगरी है। यहां के लोगों के दिल में कांग्रेस के प्रति सम्मान है। हम सब कांग्रेस परिवार का हिस्सा है और परिवार एक एकजुट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए परीक्षा की घड़ी है।