चारों सीटों से मैदान में 54 उम्मीदवार, जानें किस सीट से कुल कितने उम्मीदवार ठोक रहे ताल
नामांकन वापसी के अंतिम दिन सोमवार को कुल 21 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए।अब इसके बाद गुड़गांव सीट से सबसे ज्यादा प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
गुरुग्राम, जेएनएन। नामांकन वापसी के अंतिम दिन सोमवार को कुल 21 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इस तरह जिले की चारों विधानसभा सीटों पर कुल 54 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। अब इन्हीं के बीच मुकाबला होगा। रविवार को 10 लोगों के नामांकन पत्र में कमी पाए जाने के कारण रद कर दिया गया था।
चुनावी मैदान में सबसे अधिक प्रत्याशी गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में हैं। इनकी संख्या 16 है। प्रदेश के सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र बादशाहपुर का स्थान प्रत्याशियों की संख्या के मामले में दूसरा है। इस क्षेत्र से कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।
प्रत्याशियों की संख्या के मामले में तीसरा नंबर सोहना विधानसभा क्षेत्र का है। यहां प्रत्याशियों की संख्या 12 है। वहीं सबसे कम प्रत्याशी पटौदी विधानसभा क्षेत्र में हैं। इनकी संख्या 11 है। बता दें कि कुल 85 लोगों ने चुनावी महासमर में किस्मत आजमाने के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
सुबह सबसे पहले गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक उमेश अग्रवाल की पत्नी अनीता लूथरा अग्रवाल ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया था। विधायक उमेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ हुई। बातचीत के बाद उनकी पत्नी ने अपना नामांकन पत्र वापस लेने का निर्णय लिया।
उमेश ने कहा कि पार्टी ने उन्हें भले ही टिकट नहीं दिया हो पर पार्टी के वरिष्ठ नेता यह नहीं चाहते थे कि उनकी पत्नी भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ें। पटौदी विधानसभा क्षेत्र से कुल 21 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसमें से एक का नामांकन पत्र रद कर दिया गया था और नौ ने अपने नाम वापस ले लिए।
वहीं बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 19 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा था। इनमें से दो के नामांकन पत्र रद कर दिए गए थे और दो ने अपना नाम वापस ले लिया। गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से कुल 27 लोगों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें से चार के रद हो गए थे और सात ने अपने नाम वापस लिए। इसी प्रकार से सोहना विधानसभा क्षेत्र में 18 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इसमें से तीन के नामांकन पत्र रद हो गए थे और तीन ने चुनावी मैदान से हटने का निर्णय लिया। इस तरह से चारों विधानसभा क्षेत्र से कुल 21 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए।