मनोहरलाल ने कहा- रोहतक से भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद दीपेंद्र की बोलती हो जाएगी बंद
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि रोहतक से भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद दीपेंद्र हुड्डा की बोलती बंद हो जाएगी।
रोहतक, जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि रोहतक और हिसार में एक रणनीति केे तहत भाजपा प्रत्याशियों की घोषण अभी नहीं की जारी है। सभी समीकरणों पर विचार कर दोनों सीटों के लिए प्रत्याशी तय किए जा चुके हैं। उन्होंने दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि राेहतक से भाजपा उम्मीदवार की घोषणा होते ही दीपेंद्र की बोलती बंद हो जाएगी।
सीएम मनोहरलाल शनिवार सुबह यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा मेें भाजपा सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिसार और राेहतक सीटों के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा अभी एक रणनीति के तहत नहीं की जा रही है। रोहतक़ व हिसार के प्रत्याशियों के लिए चुनाव समिति ने सभी समीकरणों पर विचार किया है। समय आने पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि दीपेंद्र की बोलती राेहतक से भाजपा प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद बंद हो जाएगी। वह तभी तक बोल रहे हैं जब तक भाजपा का प्रत्याशी घोषित नहीं होता। इसके बाद उनको अपनी हालत का पता चल जाएगा।
सीएम मनोहरलाल ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी के गठबंधन को भी नकार दिया। उन्हाेंने कहा कि इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़नेवाला है। जिन दलों व गठबंधनों की जमीन नहीं होती, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
मनोहरलाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अस्थिरता फैलाने के लिए हुड्डा ने क्या क्या नहीं। इस बारे में हरियाणा के सभी लोग जानते हैं। ऐसे में हुड्डा की असलियत जनता को पता चल गई है। हुड्डा को चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कम वोटिंग के बारे में पूछने पर मनोहरलाल ने कहा कि इसको लेकर किसी तरह का पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश के अगले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही होंगे और भारतीय जनता पार्टी की एक बार फिर देश में सरकार बनेगी। करनाल में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बारे में मनोहरलाल ने कहा कि इस घटना को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है। इसमें कोताही बरतने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, करनाल पहुंचकर इस पर मैं कड़ा संज्ञान लूंगा।