हुड्डा बोले- इस बार भी 2004 वाला संयोग, जब संसद से सीधे मुख्यमंत्री बनकर आए
सोनीपत कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस बार 2004 वाला संयोग बन रहा है। जाने उन्होंने एेसा क्यों कहा...
जेएनएन, जींद। सोनीपत कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस बार 2004 वाला संयोग बन रहा है। तब वह चुनाव जीत कर लोकसभा में गए थे और सीधे वहीं से मुख्यमंत्री बनकर आए थे। इस बार भी यही संयोग बन रहा है। वह लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद में जाएंगे और फिर वहीं से सीधे मुख्यमंत्री बनकर आएंगे।
बार रूम में पहुंचने पर हुड्डा को वकीलों के सवालों का सामना करना पड़ा। अधिवक्ता सत्यनारायण ने कहा कि हुड्डा साहब जींद में विकास कार्य तो किए, लेकिन फिर भी कंजूसी रखी। इस पर हुड्डा बोले, मैंने तो जींद के तीन-तीन मंत्री बना दिए थे, अगर वह विकास पूरा नहीं करवा पाए तो इसमें मेरा क्या कसूर है। अगर दोबारा मौका दोगे तो जो कसर रह गई है उसको भी पूरा कर देंगे।
इसके बाद हुड्डा ने जिला कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी मीटिंग ली। हुड्डा को कांग्रेस के संगठन की टिस दिखाई दी। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि कांग्रेस के पास संगठन की कमी है। हरियाणा में कांग्रेस अपना मजबूत संगठन खड़ा नहीं कर पाई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता संगठित हैं और वह इस कमी को दूर कर देंगे।
हुड्डा ने कहा कि गत दिनों राजकुमार सैनी के बयान से यह साबित हो गया है कि 2016 में प्रदेश में हुए दंगे भाजपा की सोची-समझी साजिश थी। भाजपा ने प्रदेश में जात-पात व धर्म की राजनीति की है। भाजपा ने भाई को भाई से लड़वाने का काम किया है। इस अवसर पर प्रदीप गिल ने हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थामा।