नोटबंदी और जीएसटी से खुश है जनता: पीयूष गोयल
गुजरात भाजपा के महासंपर्क अभियान में शामिल होने के लिए अहमदाबाद पहुंचे रेल मंत्री ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से जनता खुश है। प
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। जीएसटी का कानून 28 वर्षों तक लटका रहा। तब कहीं जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाते हुए इसे लागू किया। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सरकार ने नोटबंदी का फैसला लिया, जिसे देश की जनता ने सराहा। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने विपक्ष के विरोध को दरकिनार करते हुए इन मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
गुजरात भाजपा के महासंपर्क अभियान में शामिल होने के लिए अहमदाबाद पहुंचे रेल मंत्री ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से जनता खुश है। परेशान वे लोग हैं, जिनको इस व्यवस्था से चोट पहुंची है। देश पर कई दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस नोटबंदी को काला दिवस बता रही है। लेकिन, सब जानते हैं कि कांग्रेस ने 10 वर्षों तक केंद्र में घोटालों की सरकार चलाई थी।
नोटबंदी के कारण उसको चोट पहुंची है। इसलिए परेशान है। गोयल ने जीएसटी को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि मोदी सरकार ने अपनी इच्छाशक्ति दिखाते हुए सभी राज्यों की सहमति से इसे लागू किया। भाजपा पर लोगों को भरोसा है। नोटबंदी के बाद भ्रष्टाचार और कालाबाजारी समाप्त हुई है। सरकार के इस फैसले से जनता खुश है। परेशान केवल वही लोग हैं, जिन्हें गहरी चोट पहुंची है।
नोटबंदी के बाद भाजपा ने उत्तर प्रदेश और उत्तरांचल में 80 फीसद सीटों पर जीत के साथ सरकार बनाई। गुजरात में भी भाजपा रिकार्ड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। गोयल ने अहमदाबाद में महासंपर्क अभियान में शामिल होकर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश पत्र भी लोगों को घर-घर जाकर बांटा। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा जीएसटी में अधिकतम टैक्स 18 फीसद रखने की मांग पर गोयल ने पूछा कि क्या वे गरीबों की कीमत परसंपन्न वर्गों की मदद करना चाहते हैं?
यह भी पढ़ें: गुजरात चुनाव 2017: टिकट के दावेदारों को शाह कसौटी पर कसेंगे