गुजरात चुनाव: अल्पेश और जिग्नेश का स्थानीय नेता कर रहे विरोध
राजनीति के जानकार मानते हैं कि गुजरात चुनाव के मद्देनजर जिग्नेश ने सामाजिक कार्यकर्ता अरुंधति रॉय से चंदा लेकर खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है।
अहमदाबाद, ब्यूरो। भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर व कांग्रेस समर्थित दलित नेता जिग्नेश मेवाणी का स्थानीय नेता विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए नेता ही इनके खिलाफ मैदान में हैं।
जिग्नेश ने अरुंधति रॉय से चंदा लेकर नया विवाद छेड़ दिया है। कांग्रेस ने हाल ही में पार्टी में शामिल हुए ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर को राधनपुर सीट से उम्मीदवार बनाया है। पहले उनके अपने गांव वीरमगाम या वाव से चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन राधनपुर को उन्होंने चुना। कांग्रेस के विधायक अब भाजपा के टिकट पर उनके खिलाफ मैदान में हैं। लविंग जी ठाकोर का मानना है कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है। स्थानीय जनता उनके साथ है। कांग्रेस उम्मीदवार अल्पेश बाहरी हैं इसलिए जनता में उनके खिलाफ नाराजगी है।
उधर, वडगाम से निर्दलीय उम्मीदवार दलित नेता जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस के समर्थन से मैदान में हैं। कांग्रेस की परंपरागत सीट पर उनका भी विरोध हो रहा है। कांग्रेस नेता विजय चक्रवर्ती अपने 5000 समर्थकों के साथ पहले ही भाजपा में शामिल हो गए थे। अब भाजपा ने उन्हें ही अपना प्रत्याशी बना दिया है।
पाटीदार नेता हार्दिक पटेल चुनाव नहीं लड़ रहे, लेकिन भाजपा को हराना उनका इस चुनाव में लक्ष्य है। हालांकि वह अपनी सभा में किसी दल को समर्थन करने की घोषषणा नहीं कर रहे लेकिन कांग्रेस को परोक्ष समर्थन अब जगजाहिर है। भाजपा कांग्रेस के साथ इन तीन नेताओं को चित करने की रणनीति पर काम कर रही है। राजनीति के जानकार मानते हैं कि जिग्नेश ने सामाजिक कार्यकर्ता अरुंधति रॉय से चंदा लेकर खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है।
यह भी पढ़ें: BJP प्रत्याशी के अाफिस के सामने हंगामा, 3 कांग्रेस उम्मीदवार सहित 45 हिरासत में