अगले सप्ताह हो सकती है महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा
चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव के लिए अंतिम दौर की समीक्षा की जा चुकी है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव का ऐलान अब किसी भी पल हो सकता है। चुनाव आयोग ने इसके लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। आयोग ने इस माफिक गुरुवार को एक बड़ी बैठक की है, जिसमें आयोग ने राज्यों में आई रिपोर्ट पर गहन चर्चा की।
सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को आयोग तारीखों का ऐलान कर सकता है। आयोग हरियाणा और महाराष्ट्र में अक्टूबर के दूसरे और तीसरे हफ्ते में चुनाव कराने पर विचार कर रहा है। हरियाणा में एक चरण में चुनाव के आसार हैं तो वहीं महाराष्ट्र में दो से तीन चरणों में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं झारखंड विधानसभा का चुनाव इन दोनों राज्यों के साथ नहीं कराया जाएगा। झारखंड में विधानसभा चुनाव नवंबर -दिसंबर में होने के आसार ज्यादा हैं।
चुनाव आयोग ने की अंतिम दौर की समीक्षा
चुनाव आयोग के अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव के लिए अंतिम दौर की समीक्षा की जा चुकी है। चुनाव के लिए सुरक्षा बलों के आकलन और अर्धसैनिक बलों की तैनाती पर राज्य और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ भी बैठकें की जा चुकी हैं।
सूत्रों के मुताबिक दिवाली से पहले महाराष्ट्र और हरियाणा में वोटिंग और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इससे पहले आयोग की टीम हाल ही में महाराष्ट्र भी गई थी। चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने करीब 10 दिन पहले हरियाणा का दौरा किया था।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। वहीं हरियाणा में 90 सीटों पर चुनाव होते हैं। दोनों ही राज्यों में अक्टूबर 2014 में पिछला विधानसभा चुनाव हुआ था। महाराष्ट्र, हरियाणा दोनों ही राज्यों में भाजपा का कब्जा है। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों में से भाजपा को 122 सीटें मिली थीं। शिवसेना के साथ गठबंधन के बाद भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। वहीं हरियाणा की 90 सीटों में से भाजपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद मनोहर लाल खट्टर को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया था।
इसे भी पढ़े: तीन साल में देश को मिल जाएगा नया संसद भवन, जानें- कहां और कैसे होगा निर्माण
इसे भी पढ़ें: मनी लॉन्ड्रिंग केस में आया कांग्रेस नेता की 23 साल की बेटी का नाम, इस तरह बनी करोड़पति